
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा किए गए सर्वेक्षण में 99 पुल असुरक्षित और 66 पुल अति क्षतिग्रस्त पाए गए हैं। पहले हुए सर्वेक्षण में 83 पुल असुरक्षित चिन्हित किए गए थे। बिहार में पुल हादसों के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 50 साल से ज़्यादा पुराने पुलों की जांच के आदेश दिए थे। PWD ने नए सिरे से सर्वेक्षण कर रिपोर्ट तैयार की है।
173 साल पुराना पुल भी शामिल:
असुरक्षित पुलों में कन्नौज में गंगा नहर पर बना 173 साल पुराना पुल और औरैया में यमुना नदी पर बना 170 साल पुराना पुल भी शामिल है।

31 पुलों के निर्माण की योजना:
PWD ने 31 अति क्षतिग्रस्त पुलों के पुनर्निर्माण की योजना बनाई है। कुछ पुलों पर यातायात बंद करने और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
कई जिलों में चिंताजनक स्थिति:
सिद्धार्थनगर में 8, कानपुर देहात में 7, उन्नाव और सहारनपुर में 4-4 पुल असुरक्षित पाए गए हैं। कई अन्य जिलों में भी 2-3 पुल क्षतिग्रस्त हैं, जिनकी मरम्मत कराई जाएगी।