Bollywood: सैफ अली खान पर हमला करने वाला बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, UPI ट्रांजेक्शन से खुला राज – The Hill News

Bollywood: सैफ अली खान पर हमला करने वाला बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, UPI ट्रांजेक्शन से खुला राज

खबरें सुने

नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने के आरोप में मुंबई पुलिस ने रविवार को एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शरीफुल इस्लाम शहजाद के रूप में हुई है, जो पिछले पांच महीनों से मुंबई में विजय दास के नाम से रह रहा था। मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में ठाणे जिले से उसे धर दबोचा गया।

UPI ट्रांजेक्शन बना गिरफ्तारी की वजह:

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी तक पहुँचने में UPI ट्रांजेक्शन ने अहम भूमिका निभाई। शहजाद द्वारा किए गए एक UPI भुगतान के जरिए पुलिस को उसका मोबाइल नंबर मिला। नंबर ट्रेस करने के बाद पुलिस उसकी लोकेशन का पता लगाने में कामयाब रही। इसके बाद 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने आरोपी की तलाश शुरू की।

सोते हुए मिला आरोपी, भागने की कोशिश में हुआ गिरफ्तार:

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस एक इलाके की तलाशी ले रही थी। तलाशी के बाद जब पुलिस वापस लौट रही थी, तभी उन्हें एक व्यक्ति सोता हुआ दिखाई दिया। जब एक पुलिस अधिकारी उसके पास पहुँचा तो वह उठकर भागने लगा। पुलिस ने तुरंत उसे पकड़ लिया।

श्रमिक ठेकेदार ने की मदद:

एक श्रमिक ठेकेदार ने शरीफुल इस्लाम शहजाद तक पहुँचने में पुलिस की मदद की। जांच में पता चला कि आरोपी दादर रेलवे स्टेशन के बाहर तीन बार देखा गया था और वह वर्ली कोलीवाड़ा भी गया था। सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने पाया कि हमलावर एक श्रमिक ठेकेदार से मिला था। श्रमिक ठेकेदार ने बताया कि आरोपी ने पराठे और पानी की बोतल के लिए UPI से भुगतान किया था। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने ठाणे के एक श्रमिक शिविर से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पहले ठाणे के एक होटल में काम कर चुका है और उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।

सैफ पर किए थे छह वार:

शरीफुल इस्लाम शहजाद ने पुलिस के सामने कबूल किया है कि उसने ही सैफ अली खान पर हमला किया था। चोरी के इरादे से वह सैफ के घर में घुसा था। उसने सैफ पर छह बार चाकू से वार किए थे। डॉक्टरों ने सर्जरी करके उनकी रीढ़ की हड्डी से चाकू का 2.5 इंच का टुकड़ा निकाला था। डॉक्टरों के अनुसार, अगर चाकू 2 मिमी और गहरा घुस जाता तो गंभीर चोट लग सकती थी।

 

Pls read:Bollywood: सैफ अली खान पर हमला: संदिग्ध गिरफ्तार, पूछताछ जारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *