Uttarakhand: मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को नववर्ष 2025 की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। नववर्ष की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में उन्होंने सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड गठन के 25वें वर्ष को देवभूमि रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने विकास यात्रा में कई नए आयाम स्थापित किए हैं। राज्य आंदोलन के मूल में उत्तराखंड के समग्र और संतुलित विकास की अवधारणा रही है। इस भावना को मूर्त रूप देने के लिए पारदर्शिता, जनभागीदारी और नई कार्य संस्कृति के साथ विकास की नई गाथा लिखने के उल्लेखनीय प्रयास किए गए हैं। राज्य के समग्र विकास के साथ-साथ प्रकृति और संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन पर ध्यान केंद्रित किया गया है। पर्यटन, कृषि, बागवानी, पशुपालन जैसे संभावनाशील क्षेत्रों में अभिनव और दूरगामी प्रयासों से राज्य ने देश में अपनी अलग पहचान बनाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बेहतर वित्तीय प्रबंधन और स्थानीय विशिष्टताओं के आधार पर विकास को मुख्य धारा से जोड़ने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि जन आकांक्षाओं की पूर्ति और समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। जन अपेक्षाओं के अनुरूप सुनियोजित और त्वरित विकास की दिशा तय करने में सरकार न केवल कामयाब रही है, बल्कि कई क्षेत्रों में राज्य हित से जुड़े कार्यक्रमों को लागू करने में अपेक्षा से अधिक सफलता भी मिली है। विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नवाचारों को नीति आयोग द्वारा सराहा गया है। परिणामस्वरूप, राज्य को सतत विकास सूचकांक में देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।

 

Pls read:Uttarakhand: अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन 12 जनवरी को होगा देहरादून में

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *