थानो (लेखक गांव)। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के अवसर पर लेखक गांव में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अटल जी की मूर्ति का अनावरण किया। इस मौके पर नालंदा पुस्तकालय एवं अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन और 72 फीट ऊँचा राष्ट्रीय ध्वज स्तंभ भी स्थापित किया गया।
राज्यपाल शुक्ल ने कहा कि अटल जी की जयंती पर मूर्ति अनावरण और व्याख्यानमाला का आयोजन एक सराहनीय पहल है। इससे आने वाली पीढ़ियों को अटल जी के योगदान के बारे में जानने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि अटल जी एक महान व्यक्तित्व थे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके द्वारा शुरू किए गए कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने अटल जी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि एक कवि, वक्ता और प्रधानमंत्री के रूप में अटल जी के कार्यों और विचारों ने देश को हमेशा नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि अटल जी के नेतृत्व वाली सरकार ने ही उत्तराखंड राज्य का निर्माण किया। उन्होंने लेखक गांव की स्थापना के लिए पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ का आभार व्यक्त किया।
डॉ. निशंक ने कहा कि लेखक गांव की प्रेरणा अटल जी ही हैं, जिन्हें साहित्य और साहित्यकारों से विशेष लगाव था। पद्म भूषण रजत शर्मा ने व्याख्यानमाला में अटल जी के जीवन से जुड़े कई संस्मरण सुनाए।
इस अवसर पर फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मेजर जनरल अशीम कोहली, स्पर्श हिमालय फाउंडेशन की निदेशक विदुषी निशंक, साहित्यकार डॉ. अरुण शर्मा, डॉ. सविता मोहन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
Pls read:Uttarakhand: भीमताल बस हादसे में हुई चार लोगों की मृत्यु पर सीएम ने जताया शोक