देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित “रन फॉर यूनिटी” क्रॉस कंट्री दौड़ में भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्र के महानायक, लौह पुरुष, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण देश की एकता और अखंडता के लिए समर्पित कर दिया। उनका संपूर्ण जीवन हमें राष्ट्र सेवा की प्रेरणा प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन हर वर्ष 31 अक्टूबर को सरदार पटेल जी की जयंती पर किया जाता है, लेकिन इस वर्ष उनकी जयंती पर दीपावली का संयोग होने के कारण प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में 29 अक्टूबर को यह कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता, और अटूट समर्पण के माध्यम से अखंड भारत का सपना साकार किया। उन्होंने 560 से अधिक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत को एक सशक्त राष्ट्र बनाया, और हमें एक ऐसा भारत दिया जिसमें विविधता के बावजूद एकता की भावना है।
धामी ने कहा कि देश के पहले उप-प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के रूप में सरदार पटेल की कूटनीति और दूरदर्शिता का स्वतंत्र भारत के इतिहास में भी बहुत महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि देश का प्रत्येक नागरिक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी द्वारा देश को एक सूत्र में पिरोने के लिए किए गए महान योगदान के लिए सदैव उनका ऋणी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह “रन फॉर यूनिटी” केवल एक दौड़ नहीं है, बल्कि यह हमारे देश की एकता और अखंडता को मजबूती प्रदान करने का एक माध्यम भी है। यह आयोजन प्रत्येक नागरिक के भीतर ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को जागृत करने के लिए किया गया है। युनिटी और इंटेग्रीटी की भावना केवल एक विचार नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय का परम कर्तव्य है।