दुर्गाष्टमी के मौके पर देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विभागीय मंत्री रेखा आर्य ने आंगनबाड़ी एवं मिनी आंगनबाड़ी बहनों को सुपरवाइजर के पद पर नियुक्त होने पर नियुक्ति पत्र वितरित किए।
विभागीय मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि प्रदेश की 150 आंगनबाड़ी और 17 मिनी कार्यक्रतियो का सुपरवाइजर के पदों के लिए चयन हुआ है। जिन्हें आज नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। इसके साथ ही इस दौरान नंदा गौरा योजना एवं मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट पोर्टल योजना का शुभारंभ भी किया गया।
रेखा आर्य ने कहा कि आज हमारी आंगनबाड़ी बहनों के लिए बेहद खुशी का दिन है कि लंबे समय से उनकी जो मांग थी वह आज पूरी हो गई है। मुझे विश्वास है कि हमारी बहनों का सुपरवाइजर के पद पर चयन होने के पश्चात वह सभी और अधिक पूर्ण निष्ठा के साथ अपने कार्यो का निर्वहन करेंगी और अन्य के लिए भी प्रेरणाश्रोत बनेंगी।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि हमारी आंगनबाड़ी बहने विभाग की रीढ़ हैं। उनकी हर समस्या का समाधान करना सरकार व विभाग का काम है। जिसके लिए वह लगातार प्रयासरत हैं। आज उत्तराखंड देश का ऐसा तीसरा राज्य है जहां की आंगनबाड़ी बहनों को सबसे ज्यादा मानदेय दिया जा रहा है।