Himachal: प्रदेश के कई हिस्सों में आज हो सकती है बारिश

शिमला। प्रदेश में राजधानी शिमला सहित कई स्थानों पर बादल छाए हैं। बीते चौबीस घंटों के दौरान नाहन में 49 मिलीमीटर के करीब वर्षा दर्ज की गई। बादलों और वर्षा के कारण प्रदेश में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। जबकि अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री का ही अंतर आया है। कुछ स्थानों पर वृद्धि और कुछ में गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है। जबकि कुछ स्थानों पर बादलों के साथ धूप के खिले रहने का अनुमान है। प्रदेश में एक एनएच सहित 128 सड़कें अभी भी यातायात के लिए बंद हैं और इन्हें खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। अब तक नुकसान का आकलन 8677.79 करोड़ पहुंच गया है।

अभी तक 421 लोगों की विभिन्न कारणों से मौत हो चुकी है। जिसमें से 144 लोगों की मौत भूसखलन, बाढ़ और बादल फटने के कारण हुई है। मानसून के दौरान 2552 मकान पूरी तरह से ध्वस्त हो चुके हैं। 10920 मकानों को नुकसान हुआ है।

318 दुकानों के साथ 5692 गौशालाओं को नुकसान पहुंचा है। प्रदेश में अब तक हुए नुकसान में लोक निर्माण विभाग का नुकसान 2941.54 करोड़, जल शक्ति विभाग को 2118.97 करोड़, बिजली बोर्ड को 1740.16 करोड़ का नुकसान हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *