देहरादून। उत्तराखंड में मौसम के तेवर पिछले कई दिनों से तल्ख बने हैं। पहाड़ से मैदान तक वर्षा-ओलावृष्टि से पारे में गिरावट दर्ज हुई है, वहीं चारधाम यात्रा भी इससे प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग की ओर से आज प्रदेश के कई इलाकों में वर्षा-ओलावृष्टि और अंधड़ को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। खासकर चारधाम मार्गों पर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
दून समेत आसपास के क्षेत्रों में 80 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी-तूफान चलने की चेतावनी है। बीते तीन दिन से प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। सोमवार को दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और देहरादून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बौछारें पड़ीं। वर्षा से तापमान में गिरावट आ गई और गर्मी से कुछ राहत महसूस की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। नैनीताल, पौड़ी, ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार में वर्षा हो सकती है। वहीं, अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की आशंका है। निचले इलाकों में 70 से 80 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान चलने को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
यह पढ़ेंःchina : 2030 तक चांद पर अंतरिक्ष यात्री भेजेगा चीन