हेरात। अफगानिस्तान में तालिबान सरकार ने उत्तर-पश्चिमी हेरात प्रांत में परिवारों और महिलाओं का बगीचों या हरे-भरे स्थानों वाले रेस्तरां में जाना प्रतिबंधित कर दिया है। एक अधिकारी ने कहा कि तालिबान ने यह फैसला धार्मिक विद्वानों और लोगों की शिकायत के बाद लिया है। उनका कहना है ऐसी जगह पर पुरुषों और महिलाओं के साथ-साथ बैठने की शिकायत मिल रही थी।
साल 2021 में सत्ता संभालने के बाद से ही तालिबान महिलाओं पर लगातार पाबंदियां लगा रहा है। बच्चियों और महिलाओं की पढ़ाई , नौकरी और पार्क और जिम जैसे सार्वजनिक स्थानों पर भी जाना प्रतिबंधित है। ताजा प्रतिबंध पर तालिबान का कहना है कि महिलाओं और पुरुषों के साथ-साथ बैठने और कथित तौर पर हिजाब सही ढंग से नहीं पहनने के कारण यह एक्शन लिया है। हेरात में सदाचार निदेशालय के एक उप अधिकारी बाज मोहम्मद नजीर ने मीडिया रिपोर्ट का खंडन किया है। उनका कहना है कि यह प्रतिबंध सभी रेस्तरां पर नहीं लगाया गया है। यह केवल पार्क जैसे हरे क्षेत्रों वाले रेस्तरां पर लागू होता है, जहां पुरुष और महिलाएं मिल सकते हैं।