प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बुधवार को झमाझम बारिश से भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। दून में बारिश से अधिकतम तापमान में सामान्य (34.8) से एक डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए राज्य के पांच पहाड़ी जिलों में गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई है। गुरुवार को राजधानी देहरादून में सुबह से ही चटख धूप खिल गई।
यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग राणाचट्टी के पास हुआ लैंडस्लाइड उधर, देर शाम छह बजे उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग राणाचट्टी के पास लैंडस्लाइड होने के कारण बड़े वाहनों के लिए अवरुद्ध हो गया। छोटे वाहनों के लिए मार्ग सुचारू रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आने वाले 24 घंटे में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बादलों की तेज गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने से लेकर मौसम शुष्क रहने की संभावना है।