रुड़की: रुड़की के पास डाडा जलालपुर में आज प्रस्तावित हिंदू महापंचायत पर जिला प्रशासन ने रोक लगा दी है। जिसके बाद यहां टकराव के हालत बन गए हैं। इसे देखते हुए यहां भारी पुलिस बल तैनात है। वहीं आयोजकों का कहना है कि महापंचायत हर हाल में होगी, चाहे थाने में ही करनी पड़े।
पुलिस ने काली सेना के संस्थापक और शंकराचार्य परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी आनंद स्वरूप को स्वामी दिनेश आनंद के आश्रम में रोक लिया। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
वह हिंदू पंचायत के आयोजन पर रोक के बावजूद भगवानपुर जाने की कोशिश कर रहे थे, पुलिस ने उन्हें किसी भी तरह की पंचायत ना करने की हिदायत दी है। यह जानकारी स्वामी आनंद स्वरूप के आश्रम शांभवी धाम की ओर से दी गई है।
महापंचायत पर रोक लगाए जाने के बाद से पुलिस प्रशासन सतर्क है। 10 किलोमीटर के दायरे में पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया है। साथ ही पुलिस अधिकारी ग्रामीणों को लगातार समझाने में लगे हैं कि महापंचायत नहीं होगी, अमन और शांति बनाए रखें।
मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के रुख के बाद जिला प्रशासन ने महापंचायत पर रोक लगा दी थी। काली सेना के राज्य संयोजक दिनेशानंद भारती और उनके छह समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। पुलिस ने महापंचायत के लिए गांव में लगाया जा रहा तंबू भी उखाड़ दिया था। यहां प्रशासन ने पांच किलोमीटर की परिधि में आने वाले 10 गावों में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। एहितयातन गांव में पुलिस का पहरा है। यहां पुलिस ने फ्लैग मार्च भी किया। इलाके में ड्रोन से नजर रखी जा रही है।