देहरादून : प्रदेश भाजपा संगठन में बदलाव की सुगबुगाहट तेज होने लगी है। माना जा रहा है कि पार्टी मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को हटाकर नया अध्यक्ष नियुक्त कर सकती है। इसके अलावा मुख्यमंत्री के लिए विधानसभा सीट का चयन होना है तो महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष समेत कुछ अन्य पदों पर नई नियुक्तियां भी की जानी हैं।
इस कड़ी में भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम के शनिवार के देहरादून दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वह प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी अलग से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा कि वह इन विषयों पर बातचीत कर केंद्रीय नेतृत्व को अवगत कराएंगे।