देहरादून: केदारनाथ के लिए संचालित होने वाली हेली सेवा चार अप्रैल से शुरू हो जाएगी। इसके लिए नागरिक उड्डयन विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राहत की बात यह है कि इस बार किराया पूर्व की भांति ही रहेगा।
प्रदेश में हर साल चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाओं का भी संचालन किया जाता है। केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं केदारघाटी के फाटा, सिरसी और गुप्तकाशी में बनाए गए अस्थायी हेलीपैड से संचालित की जाती हैं। इन हवाई सेवाओं के लिए वर्ष 2020 में तीन साल के लिए टेंडर किए गए थे। इसमें यह तय किया गया था कि तीन साल तक हेली सेवा का किराया नहीं बढ़ाया जाएगा।