रूस और यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। रूसी सेना लगातार यूक्रेन के अलग अलग शहरों को निशाना बना रही है। युद्ध विराम को लेकर दोनों देशों के बीच बातचीत का भी कोई नतीजा नहीं निकला। इसी बीच खबर है कि ऑस्कर विनर एक्टर लियोनार्डो डिकैप्रियो यूक्रेन की मदद के लिए आगे आए हैं। डिकैप्रियो ने यूक्रेन को आर्थिक मदद मुहैया कराई है। हालांकि इस मदद के पीछे एक बड़ी वजह बताई जा रही है, जिससे अभी तक उनके फैंस अनजान थे। लियोनार्डो डिकैप्रियो ने यूक्रेन को 10 मिलियन डॉलर्स यानी करीब 76 करोड़ रुपये दान किए हैं, इसके पीछे की एक बड़ी वजह उनकी दिवंगत नानी हैं। लियोनार्डो की नानी ओडेसा यूक्रेन की थीं। जिनका 2008 में निधन हो गया था। डिकैप्रियो अपनी नानी के बेहद करीब थे। ऐसे में एक्टर का ओडेसा यूक्रेन से भी गहरा रिश्ता है। ओडेसा वही शहर है जहां रूस ने भयंकर तरीके से मिसाइलें दागी हैं, जेट फाइटर शहर पर लगातार बमबारी कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में डिकैप्रियो को वो वक्त याद आ गया है जो उन्होंने अपनी नानी के साथ ओडेसा में गुजारा था।