चंपावत। रैंगलबैंड के पास एक कार खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई है। बेटे के जन्मदिन की पार्टी के बाद मेहमानों को छोड़कर लौट रहे एक पिता की कार खाई में गिर गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं।
ग्राम नरियालटाक ढरोज निवासी डूंगर सिंह के बेटे का जन्मदिन बुधवार को था। जन्मदिन मनाने के बाद रात में डूंगर सिंह मेहमानों को छोड़ने के लिए कार से मूलाकोट गए थे। वहां से लौटते समय रात 10 बजे बाद रैंगलबैंड से एक किमी दूर देवीधुरा की तरफ कार 80 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई।हादसे में डूंगर सिंह (30) पुत्र गणेश सिंह और वहीं के होशियार सिंह (26) पुत्र महा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि प्रकाश सिंह पुत्र गणेश सिंह और मदन सिंह पुत्र खुशाल सिंह घायल हो गए। रातभर बेहोश रहे घायल प्रकाश सिंह ने होश आने पर बृहस्पतिवार सुबह फोन कर घटना की सूचना पत्नी को दी। तभी पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।