हमीरपुर। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने गलोड़ में आयोजित जनसभा के दौरान भाजपा नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा नेताओं ने झूठ बोलने में पीएचडी कर रखी है और उन्हें इसके लिए गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता इंटरनेट मीडिया के माध्यम से उनके खिलाफ भ्रामक बयानबाजी करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति और प्रतिबद्धता के साथ काम करते हुए राज्य के राजस्व में चार हजार करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की है।
किशाऊ बांध परियोजना से हिमाचल को होगा बड़ा लाभ
मुख्यमंत्री ने किशाऊ बहुउद्देश्यीय बांध परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश ने अपनी शर्तों और नियमों के अनुसार इस परियोजना के लिए समझौता किया है। इसके तहत प्रदेश सरकार को परियोजना में किसी तरह का निवेश नहीं करना पड़ेगा। परियोजना के पूरा होने के बाद हिमाचल को प्रतिवर्ष लगभग 1,200 से 1,500 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की उम्मीद है। वहीं, इसके निर्माण पर उत्तराखंड करीब तीन हजार करोड़ रुपये खर्च करेगा।
सुक्खू ने कहा कि राज्य के बढ़ते वित्तीय संसाधनों का उपयोग शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत बनाने में किया जाएगा। इससे स्कूलों के विकास के साथ अत्याधुनिक स्वास्थ्य संस्थानों की सुविधाओं को भी बेहतर किया जा सकेगा।
मेडिकल कॉलेज के निर्माण पर खर्च किए 500 करोड़
मुख्यमंत्री ने भाजपा नेताओं पर डा. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, हमीरपुर की स्थापना का श्रेय लेने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस संस्थान की स्थापना में पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह और पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने स्वयं भी इसके लिए प्रयास किए थे।
सुक्खू ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य को गति देने के लिए प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपने संसाधनों से 500 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले एक वर्ष में यह संस्थान प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा महाविद्यालयों में शामिल होगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि कांग्रेस सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर सुजानपुर में समारोह आयोजित किया जाएगा।
हमीरपुर के विकास में पूर्व मुख्यमंत्रियों का योगदान
मुख्यमंत्री ने जिले के विकास में पूर्व सरकारों की भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने हमीरपुर में क्षेत्रीय इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित करवाया था, जो आज राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर के रूप में जाना जाता है। वहीं, प्रेम कुमार धूमल का भी जिले के विकास में योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने अपने चार वर्षों के कार्यकाल में आर्थिक, प्राकृतिक और राजनीतिक चुनौतियों का सामना किया है। सरकार के गठन के एक वर्ष बाद जिले के तीन विधायकों ने समर्थन वापस ले लिया था। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ विधायक गलत तरीके से टेंडर आवंटित करने का दबाव बना रहे थे, लेकिन सरकार ने किसी दबाव में आने के बजाय प्रदेशहित को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 1.36 लाख कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन योजना भी बहाल की है।
आपदा राहत राशि नहीं मिलने पर उठाया सवाल
सुक्खू ने पिछले वर्ष आई आपदा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से घोषित 1,500 करोड़ रुपये की सहायता राशि अब तक जारी नहीं हुई है। उन्होंने गलोड़ में बीडीओ कार्यालय खोलने, स्थानीय सहकारी समिति को एक करोड़ रुपये देने और गोईस पंचायत के नए भवन के निर्माण के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने की घोषणाएं भी कीं।
चिकित्सा शिविर में मुख्यमंत्री ने करवाई शुगर जांच
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया और स्वयं भी अपनी शुगर की जांच करवाई। जांच में उनका शुगर स्तर 99 आया। उन्होंने बताया कि इससे पहले शिमला में हुई जांच के दौरान यह स्तर 177 दर्ज किया गया था।