Uttarakhand: बैणी-भुली योजना से पांच लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल : धामी – The Hill News

Uttarakhand: बैणी-भुली योजना से पांच लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल : धामी

पीपलकोटी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चमोली जिले के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में कहा कि महिलाओं का सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। बैणी-भुली योजना के तहत पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जाएगी। योजना की पहली किस्त दिसंबर में लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।

मुख्यमंत्री का सम्मेलन स्थल पर पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया। रोड शो के दौरान उन्होंने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने उन्हें श्री नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की।

सम्मेलन स्थल पर लगे विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा से अनाज पीसा और मथानी से दही मथा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की आधारशिला है। पहाड़ की महिलाएं परिवार के साथ कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी अहम योगदान दे रही हैं। चमोली से शुरू हुए चिपको आंदोलन में गौरा देवी और उनकी साथियों का योगदान आज भी पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा है।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले चार वर्षों में चमोली के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है।

उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों, स्वरोजगार योजनाओं और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देकर महिलाओं की आजीविका के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित

कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत और नशामुक्ति के क्षेत्र में योगदान के लिए महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्ष उत्तरा देवी और पाखी की अध्यक्ष मीना देवी को सम्मानित किया गया। मधुमक्खी पालन के लिए भुवना देवी, खेती के लिए रामेश्वरी देवी, बांस उत्पाद निर्माण के लिए उषा देवी और प्राकृतिक खेती के लिए लीला देवी को सम्मान मिला।

कृषि क्षेत्र में माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर और बिमला देवी, खेल में निशा और स्वाति बड़वाल तथा लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी और अनीता देवी को सम्मानित किया गया। हाईस्कूल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं, कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मान दिया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक और मिलेट्स उत्पादन में उत्कृष्ट महिला किसानों को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार प्रदान किए।

149.77 करोड़ की 30 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने चमोली जिले में 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 133.59 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास तथा 16.18 करोड़ रुपये की 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन योजनाओं में सड़क, पुल, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े कार्य शामिल हैं।

प्रमुख कार्यों में गोविंदघाट में मोटर पुल, ग्वालदम-नंदकेशरी और थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्गों का सुधारीकरण तथा विभिन्न स्थानों पर सड़क निर्माण शामिल हैं। लोकार्पित योजनाओं में आईटीआई गोपेश्वर की कार्यशाला, गौचर और उर्गम की स्वास्थ्य इकाइयां तथा विद्यालयों में प्रयोगशालाओं और कक्षा-कक्षों का निर्माण शामिल है।

मुख्यमंत्री ने हेलंग-डूंगरी बरोसी, गोपेश्वर-पोखरी और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्गों के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल और भूपाल राम टम्टा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

 

Pls read:Uttarakhand: ऋषिकेश में बदरीनाथ हाईवे पर बस खाई में गिरी, नौ श्रद्धालुओं की मौत; 25 से अधिक घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *