खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार देर शाम पूर्वांचल सेवा समिति की ओर से आयोजित छठ महोत्सव में प्रतिभाग किया। उन्होंने भगवान सूर्य नारायण की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वार्ड नंबर 14 में संजय रेलवे पार्क के पास नवनिर्मित छठ घाट के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को आस्था के महापर्व छठ की शुभकामनाएं देते हुए छठी मैया और भगवान सूर्य नारायण से सभी के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की। उन्होंने पूर्वांचल सेवा समिति और आयोजन से जुड़े स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की।
आस्था, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, अनुशासन, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनूठा संगम है। उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा जीवन में संघर्ष और योगदान के प्रति सम्मान का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि यह पर्व उत्तराखंड और पूर्वांचल की संस्कृतियों को जोड़ते हुए विविधता में एकता की मिसाल पेश करता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। खटीमा में धार्मिक आस्था के सम्मान के साथ नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए कई कार्य किए जा रहे हैं।
बाढ़ की समस्या के समाधान के लिए 300 करोड़ से अधिक का ड्रेनेज प्लान
मुख्यमंत्री ने बताया कि खटीमा में हर वर्ष आने वाली बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत का ड्रेनेज प्लान स्वीकृत किया गया है। इसका भूमिपूजन जल्द किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि खटीमा चौराहे से मेलाघाट रोड तक हॉटमिक्स कार्य, मुख्य चौराहे से थारू विकास भवन तक सड़क चौड़ीकरण तथा मजोला रोड और नानकसागर से 17 मील तक सड़क निर्माण के कार्य तेजी से चल रहे हैं। इन सड़क परियोजनाओं पर करीब 34 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती गांवों को देश के ‘प्रथम गांव’ बताते हुए कहा कि मेलाघाट, सिसैया और नगला तराई के विकास के लिए 12 करोड़ रुपये के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। भारामल बाबा मंदिर क्षेत्र में सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विकास के कार्य भी किए गए हैं।
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का हो रहा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा में केंद्रीय विद्यालय की नई इमारत तैयार हो चुकी है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के लिए केंद्रीय मंत्री की ओर से 10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की गई है। इसके अलावा आईटीआई, पॉलिटेक्निक, बाईपास और अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना जैसे कार्य भी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि चकरपुर में वन चेतना मैदान और वनखंडी महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण का काम तेजी से चल रहा है। भविष्य में यह क्षेत्र एक बड़े आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समिति के पदाधिकारियों और एक चिकित्सक को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, समिति अध्यक्ष ठाकुर अजय सिंह, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।