Uttarakhand: कालाढूंगी में नारी शक्ति सम्मान समारोह, मुख्यमंत्री ने कीं छह विकास योजनाओं की घोषणाएं – The Hill News

Uttarakhand: कालाढूंगी में नारी शक्ति सम्मान समारोह, मुख्यमंत्री ने कीं छह विकास योजनाओं की घोषणाएं

कालाढूंगी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में खेल, शिक्षा, कृषि और स्वरोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें मिनी स्टेडियम का निर्माण, अस्पताल का उच्चीकरण और कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। महिलाओं की उपलब्धियां समाज के लिए प्रेरणा हैं और उनका योगदान परिवार के साथ-साथ प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण है।

क्षेत्र में बिजली, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार

मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी क्षेत्र में 200 विद्युत पोल स्थापित करने की घोषणा की। ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा।

कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम का निर्माण और विधानसभा क्षेत्र के अस्पताल का उच्चीकरण भी किया जाएगा। वहीं, पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को रोजगार के अवसर देने के उद्देश्य से 70 अतिरिक्त जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

महिलाओं को समान अवसर देना जरूरी

मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति में नारी के सम्मान की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं का वास्तविक सशक्तिकरण तभी संभव है, जब उन्हें समान अवसर मिलें और उनके निर्णयों को महत्व दिया जाए। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर महिलाएं परिवार, समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाती हैं।

उन्होंने उत्तराखंड की महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश की महिलाएं खेती, पशुपालन, परिवार और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने अपने बचपन का अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनकी माता का संघर्ष, अनुशासन और परिश्रम उनके लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहा है।

सरकारी योजनाओं से महिलाओं को मिल रहे अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं से महिलाओं के जीवन में बदलाव आया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को भी महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से पांच लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हैं। प्रदेश में साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के माध्यम से महिला समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए शुरू किए गए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड से करीब 5,500 महिलाएं जुड़ी हैं। इस ब्रांड के माध्यम से अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री दर्ज की गई है।

उन्होंने नंदा गौरा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पात्र बालिकाओं के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। महिला सुरक्षा और समान अधिकारों के लिए प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू किए जाने की बात भी कही।

मुख्यमंत्री ने युवाओं और महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों से प्रदेश के विकास में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। समारोह में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य और दीवान सिंह बिष्ट सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

 

PLs read:Uttarakhand: 14 लाख की लूट में बजरंग दल कार्यकर्ता की गिरफ्तारी पर बवाल, एसएसपी कार्यालय में प्रदर्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *