Punjab: पंजाब चुनाव 2027 के लिए 26 नवंबर से अभियान शुरू करेगी आप, मोगा में केजरीवाल और भगवंत मान की रैली – The Hill News

Punjab: पंजाब चुनाव 2027 के लिए 26 नवंबर से अभियान शुरू करेगी आप, मोगा में केजरीवाल और भगवंत मान की रैली

चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी 26 नवंबर को मोगा में बड़ी रैली के साथ चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज करेगी। पार्टी के 14वें स्थापना दिवस और संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान एक साथ मंच साझा करेंगे।

इस रैली के माध्यम से आप अगले पांच वर्षों के लिए पंजाब को लेकर अपना विजन और चुनावी रणनीति जनता के सामने रखेगी। कार्यक्रम में कुछ बड़ी घोषणाएं भी होने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी अब तक विधानसभा चुनाव के लिए 71 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। माना जा रहा है कि 26 नवंबर से पहले उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की जा सकती है।

पंजाब में फिर सक्रिय होंगे अरविंद केजरीवाल

मोगा रैली में अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पिछले कुछ महीनों में पंजाब की राजनीति में उनकी सक्रियता अपेक्षाकृत कम रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान और प्रदेश के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी की गतिविधियों और राजनीतिक कार्यक्रमों की अगुवाई की।

प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा भी सरकार तथा संगठन का पक्ष जनता के सामने रखते रहे हैं। विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा में भी मुख्यमंत्री भगवंत मान की प्रमुख भूमिका रही है।

ऐसे में मोगा में केजरीवाल का मंच पर आना संकेत देगा कि पंजाब का आगामी चुनाव पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के लिए भी अहम है। रैली में पंजाब के वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है।

महिलाओं और युवाओं पर रहेगा खास ध्यान

आप की चुनावी रणनीति में महिलाओं और युवाओं, खासकर जेन-जी मतदाताओं को विशेष महत्व दिया जा रहा है। रैली में सरकार अपने करीब 56 महीने के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश कर सकती है। महिलाओं के लिए प्रस्तावित मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना को लेकर भी बड़ी घोषणा की संभावना है।

युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और सरकार की ओर से किए गए प्रयास भी चुनावी संदेश का प्रमुख हिस्सा हो सकते हैं। इसके अलावा नहरी सिंचाई का विस्तार, किसानों तक नहरी पानी की पहुंच और 300 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं को सरकार अपनी उपलब्धियों के तौर पर पेश कर सकती है।

स्वास्थ्य और शिक्षा की योजनाओं का होगा प्रचार

स्वास्थ्य क्षेत्र में आम आदमी क्लीनिकों के विस्तार, सरकारी अस्पतालों के उन्नयन, मुफ्त दवाइयों और जांच सुविधाओं के साथ मुख्यमंत्री सेहत योजना को प्रमुखता दी जा सकती है। शिक्षा के मोर्चे पर सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे में सुधार और रोजगार सृजन को भी चुनावी अभियान का हिस्सा बनाने की तैयारी है।

पार्टी इन योजनाओं के माध्यम से मतदाताओं को अपने कार्यकाल का लेखा-जोखा देने के साथ अगले पांच वर्षों की प्राथमिकताओं से अवगत कराना चाहती है।

अकाली दल के लिए भी खास रहा है मोगा

पंजाब की राजनीति में मोगा बड़ी रैलियों और चुनावी अभियानों के लिए जाना जाता है। शिरोमणि अकाली दल ने 1996, 2006 और 2011 में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत इसी शहर से की थी। इसके बाद पार्टी ने क्रमशः 1997, 2007 और 2012 में सत्ता हासिल की थी। इसी वजह से मोगा को अकाली दल के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता रहा है।

आम आदमी पार्टी भी पहले यहां बड़े कार्यक्रम कर चुकी है। इसी साल सितंबर में अरविंद केजरीवाल ने मोगा जिले के बाघापुराना में रैली कर किसानों के लिए पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया था। अब 26 नवंबर की रैली के जरिए आप एक बार फिर मोगा से पंजाब में चुनावी माहौल बनाने और अपनी रणनीति जनता तक पहुंचाने की कोशिश करेगी।

 

PLs read:Punjab: पठानकोट में गनपॉइंट पर XUV500 लूटी, पंजाब-जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *