ढाका। बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के समर्थकों ने रविवार को उनके गृह जिले गोपालगंज में उग्र प्रदर्शन किया। हसीना की संभावित स्वदेश वापसी को लेकर बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहनों को निशाना बनाया और एक पुलिस चौकी में तोड़फोड़ की। अधिकारियों और मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान पुलिस की एक बख्तरबंद गाड़ी को आग के हवाले कर दिया गया।
रिपोर्टों के अनुसार, सैकड़ों प्रदर्शनकारी धारदार हथियार और भाले लेकर सड़कों पर उतरे। उन्होंने पुलिस की बैरिकेडिंग हटाई और शहर के कई हिस्सों में पहुंचकर विरोध जताया। प्रदर्शन में महिला कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया।
हसीना की वापसी को लेकर बढ़ा राजनीतिक तनाव
यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है, जब शेख हसीना के दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताने के बाद राजनीतिक माहौल गर्म है। अगस्त 2024 में छात्रों के नेतृत्व में हुए आंदोलन के बाद उनकी सरकार गिर गई थी। इसके बाद हसीना बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं।
नवंबर 2025 में बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ उनकी सरकार की कार्रवाई से जुड़े मामले में हसीना को मानवता के खिलाफ अपराध का दोषी ठहराते हुए उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई थी। हसीना ने इन आरोपों और कानूनी प्रक्रिया को खारिज किया था।
बांग्लादेश ने भारत से मांगा प्रत्यर्पण
79 वर्षीय शेख हसीना कई बार कह चुकी हैं कि वह दिसंबर में बांग्लादेश लौटना चाहती हैं और कानूनी कार्यवाही का सामना करने के लिए तैयार हैं। दूसरी ओर, बांग्लादेश सरकार द्विपक्षीय प्रत्यर्पण संधि के तहत भारत से उनकी वापसी की मांग कर रही है।
बांग्लादेश के कानून मंत्री मो. असदुज्जमां ने शनिवार को कहा कि हसीना को वापस लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अब इस मामले में फैसला भारत को करना है। सरकार ने हसीना की ओर से लंदन की एक लॉ फर्म के माध्यम से पासपोर्ट के लिए किए गए अनुरोध को भी अस्वीकार कर दिया है।
भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को कहा था कि हसीना के प्रत्यर्पण का मामला कानूनी प्रकृति का है और इस पर कानून के अनुसार ही विचार किया जाएगा। भारत ने बांग्लादेश से प्रत्यर्पण संबंधी अनुरोध मिलने की पुष्टि की है, लेकिन अब तक कोई अंतिम निर्णय नहीं बताया है।
स्मारक गिराया, बीएनपी कार्यालयों में आगजनी
रविवार के प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने 5 अगस्त 2024 को हसीना सरकार के पतन की याद में बनाए गए एक स्मारक को भी गिरा दिया। अवामी लीग के गोपालगंज जिला नेता इलियास हक ने पार्टी रैली में कहा कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक शेख हसीना को वापस देश नहीं लाया जाता।
इससे पहले रात में तुंगीपाड़ा में सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के दो कार्यालयों में अज्ञात लोगों द्वारा आग लगाए जाने की खबरें भी सामने आई थीं। इन घटनाओं के बाद सरकार ने जिले के डिप्टी कमिश्नर और पुलिस अधीक्षक को उनके पदों से हटा दिया।
गोपालगंज में अर्धसैनिक बल तैनात
गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि कानून लागू करने वाली एजेंसियां तोड़फोड़ और हिंसा रोकने के लिए प्रतिबद्ध हैं। स्थिति पर नियंत्रण रखने के लिए गोपालगंज में दंगा-रोधी पुलिस के साथ बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की टुकड़ियां भी तैनात की गई हैं।
प्रधानमंत्री तारिक रहमान की अध्यक्षता में रविवार को हुई कैबिनेट बैठक में जिले के हालात पर चर्चा की गई। प्रोथोम आलो की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने बीएनपी के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की और पार्टी कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने का निर्देश दिया। गृह मंत्रालय ने कहा है कि सरकार स्थिति को बेकाबू नहीं होने देगी।
Pls read:Bangladesh: हसीना की वतन वापसी पर सुरक्षा का वादा- बांग्लादेश सरकार