नई दिल्ली, 30 सितंबर। जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में बुधवार का दिन भारत के लिए शानदार उपलब्धियों से भरा रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने तीरंदाजी और शूटिंग में कई स्वर्ण पदक अपने नाम किए। तीरंदाजी में भारतीय महिला टीम ने चीन को हराकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि पुरुष कंपाउंड टीम ने भी चीन को मात देकर शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके अलावा कंपाउंड मिश्रित टीम और शूटिंग के ट्रैप मिक्स्ड टीम इवेंट में भी भारत ने सोने का तमगा हासिल किया।
महिला कंपाउंड टीम की चिकिता, प्रीतिका और ज्योति ने फाइनल में चीन की टीम को 238-234 के अंतर से हराया। भारतीय तिकड़ी ने पूरे मुकाबले में शानदार नियंत्रण बनाए रखा और निर्णायक क्षणों में सटीक निशाने लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इसके बाद कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा में साहिल जाधव और चिकिता तनिपार्थी की जोड़ी ने शूट-ऑफ में प्रभावी प्रदर्शन किया और भारत को एक और स्वर्ण दिलाया। तीरंदाजी में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा पुरुष टीम स्पर्धा में भी देखने को मिला। साहिल जाधव, कुशल दलाल और तिरुमुरु गणेश मणि रत्नम की टीम ने फाइनल में चीन को 238-237 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
पुरुष टीम फाइनल में भारत को शुरुआत में चीन से चुनौती मिली। पहले राउंड के बाद चीन 60-58 से आगे था। हालांकि भारतीय खिलाड़ियों ने इसके बाद लगातार सटीक निशाने लगाए और मुकाबले में वापसी की। भारतीय टीम ने एक राउंड में 60 में से 60 अंक हासिल किए और अंत तक अपनी लय बरकरार रखी। चीन के एक शॉट के 8 अंक पर रहने का भी भारत को फायदा मिला। भारतीय तीरंदाजों ने इसके बाद कोई बड़ी गलती नहीं की और एक अंक के अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
सेमीफाइनल में भारत ने दक्षिण कोरिया को 236-229 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। साहिल, गणेश और कुशल ने पूरे मुकाबले में लगातार 10 अंक के निशाने लगाए और टीम को मजबूत बढ़त दिलाई।
शूटिंग में भी भारत को महत्वपूर्ण सफलता मिली। नीरू ढांडा और कायनन चेनाई की जोड़ी ने ट्रैप मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। शुरुआती दौर में भारत पीछे था, लेकिन इसके बाद दोनों निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार लक्ष्य साधे। भारत ने अंत में एक अंक के अंतर से जीत हासिल की। कतर ने रजत और चीन ने कांस्य पदक जीता।
स्क्वैश में भी भारत ने पुरुष टीम स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्का कर लिया। क्वार्टरफाइनल में भारत ने कुवैत को 2-0 से हराया। वीर चोटरानी और अभय सिंह ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर टीम को अगले दौर में पहुंचाया।
टेनिस में सुमित नागल ने उज्बेकिस्तान के सर्गेई फोमिन को 6-3, 6-2 से हराकर पुरुष एकल के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। दूसरी ओर दक्षिणेश्वर सुरेश को चीनी ताइपे के त्सेंग चुन-ह्सिन के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। भारत के पदकों की संख्या 57 हो गई है, जिसमें 9 स्वर्ण, 21 रजत और 27 कांस्य पदक शामिल हैं।
Pls read:Japan: एशियन गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन नीरू ढांडा ने जीता स्वर्ण