Uttarakhand: लक्सर में मतांतरण और निकाह के आरोप में युवक हिरासत में पुलिस कर रही जांच

लक्सर (हरिद्वार)। छत्तीसगढ़ में गन्ने की चरखी पर काम करने के दौरान एक महिला से कथित रूप से नजदीकी बढ़ाने और उसे बहला-फुसलाकर मतांतरण व निकाह कराने के आरोप में लक्सर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया है। महिला के बयान अदालत में दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष संदीप कुमार ने लक्सर कोतवाली में दी शिकायत में आरोप लगाया कि सुल्तानपुर क्षेत्र के निहंदपुर सुठारी गांव निवासी आशिफ छत्तीसगढ़ में गन्ने की चरखी पर काम करता था। इसी दौरान वहां उसके साथ काम करने वाली एक हिंदू महिला से उसकी पहचान हुई। शिकायत के अनुसार, आशिफ ने महिला को अपने प्रभाव में लिया और बाद में उसे उत्तराखंड स्थित अपने गांव ले आया।

शिकायत के मुताबिक, दिसंबर 2025 में आशिफ महिला को अपने गांव लेकर आया। इसके बाद वह उसे कलियर ले गया, जहां कथित तौर पर महिला का मतांतरण कराया गया। आरोप है कि महिला का नाम सुखमति से बदलकर शबनूर कर दिया गया और इसके बाद दोनों का निकाह कराया गया।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आशिफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कथित मतांतरण और निकाह की प्रक्रिया में युवक के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। पुलिस संभावित रूप से जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

महिला पहले से शादीशुदा होने की जानकारी

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस महिला के साथ यह पूरा मामला जुड़ा है, वह पहले से शादीशुदा है। उसका मायका छत्तीसगढ़ के पंडितरिया क्षेत्र के मंगूली थाना इलाके में बताया गया है। पुलिस ने महिला के स्वजन को मामले की जानकारी दे दी है।

लक्सर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी के अनुसार, आरोपित आशिफ को हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच जारी है। महिला के बयान अदालत में दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बताया गया कि मामले की जानकारी सबसे पहले आशिफ की पहली पत्नी के माध्यम से सामने आई। पुलिस को दी गई जानकारी में उसने आरोप लगाया कि उसका पति काफी समय से दूसरी महिला के साथ रह रहा था और उसका मतांतरण कराकर उससे निकाह किया गया।

इस सूचना के बाद मंगलवार को हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता लक्सर कोतवाली पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित को हिरासत में लिया। पुलिस अब महिला के बयान, शिकायत में लगाए गए आरोपों और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

 

Pls read:Uttarakhand: उपनल कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन और महंगाई भत्ते का लाभ देने का फैसला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *