गोपेश्वर (चमोली)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सीमांत जनपद चमोली के विकास को नई ऊंचाई देने के लिए बड़ा कदम उठाया। ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ पखवाड़े के तहत आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिलेवासियों को 155.36 करोड़ रुपये की कुल 63 विकास योजनाओं का उपहार दिया। गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित इस भव्य समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने 113.99 करोड़ रुपये की 36 नई योजनाओं का शिलान्यास किया और 41.37 करोड़ रुपये की 27 पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया।
मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का मुख्य संकल्प विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि चमोली जनपद न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि चीन सीमा से सटे होने के कारण सामरिक रूप से भी इसका विशेष स्थान है। सरकार यहाँ सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
बुनियादी ढांचे और सड़कों पर विशेष जोर
शिलान्यास की गई योजनाओं में परिवहन व्यवस्था को सुधारने के लिए कई महत्वपूर्ण पुल और मार्ग शामिल हैं। इनमें जोशीमठ-नीति मार्ग के जुग्जू में 4.34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला स्टील ट्रस पुल और लंगसी-तपोवन मोटर मार्ग पर 9.62 करोड़ रुपये का लोह सेतु प्रमुख है। इसके अतिरिक्त, नन्दानगर की 13 पर्वतीय नहरों का जीर्णोद्धार किया जाएगा, जिससे कृषि क्षेत्र को लाभ होगा। विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़ सुरक्षा के लिए भी सात बड़ी योजनाओं की आधारशिला रखी गई है, जिनकी कुल लागत 25 करोड़ रुपये से अधिक है। पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए नन्दप्रयाग में मॉडल पशु चिकित्सालय और शिक्षा के क्षेत्र में उज्ज्वलपुर में विद्यालय भवन का निर्माण भी शुरू किया जाएगा।
लोकार्पण से मिलेगी सुविधाओं को रफ्तार
लोकार्पण की गई 27 योजनाओं से स्थानीय जनता को तत्काल लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने गैरसैंण मुख्य मार्ग पर इंटरलॉकिंग टाइल्स के कार्य, तेफना-कण्डारा मार्ग के अपग्रेडेशन और स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर में दो कोर्ट वाले आधुनिक बैडमिंटन हॉल का उद्घाटन किया। मत्स्य पालन के क्षेत्र में बैरागना में स्थापित ट्राउट इंडोर हैचरी जनपद के किसानों के लिए वरदान साबित होगी। धार्मिक पर्यटन की सुविधा के लिए कल्पेश्वर में पाथवे और आर्क ब्रिज का निर्माण कार्य भी पूर्ण हो चुका है, जिसे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है।
इस अवसर पर चमोली के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला सहित जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट और कई अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार और मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि शिलान्यास की गई योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।