हमीरपुर। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला मुख्यालय के समीप जोल सप्पर में डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज के नए परिसर में अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक की आधारशिला रखी। लगभग 35 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से निर्मित होने वाले इस ब्लॉक के माध्यम से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। आधारशिला रखने के उपरांत उन्होंने परिसर में नवनिर्मित अस्पताल ब्लॉक, शैक्षणिक ब्लॉक और अन्य निर्माणाधीन भवनों का विस्तृत निरीक्षण भी किया।
निरीक्षण के दौरान सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी), प्रदेश लोक निर्माण विभाग और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने चल रहे कार्यों को समयबद्ध पूरा करने और निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल और शैक्षणिक ब्लॉक को जल्द से जल्द मेडिकल कॉलेज प्रशासन को सौंपने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि विभिन्न विभागों को जोल सप्पर परिसर में स्थानांतरित किया जा सके। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इन महत्वपूर्ण विभागों का कामकाज जोल सप्पर में जुलाई के पहले सप्ताह से शुरू हो जाएगा।
प्रदेश भर के मेडिकल कॉलेजों का होगा आधुनिकीकरण
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को अत्याधुनिक बनाने के लिए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों की प्रयोगशालाओं के आधुनिकीकरण के लिए 150 करोड़ रुपये प्रदान करेगी। इस धनराशि का उपयोग प्रयोगशालाओं में अत्याधुनिक उपकरण और मशीनें स्थापित करने के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) और टांडा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज में दशकों पुरानी मशीनों और उपकरणों को बदला जाएगा। इनके स्थान पर नवीनतम तकनीक वाली मशीनें लगाई जाएंगी ताकि मरीजों को बेहतर जांच सुविधाएं मिल सकें।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े स्तर पर भर्तियां
राज्य में बेहतर चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए सरकार डॉक्टरों, प्रोफेसरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की बड़े पैमाने पर भर्ती कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कदम से सभी मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य संस्थानों में कर्मचारियों की कमी दूर होगी और आम जनता को सुलभ व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने जोल सप्पर में स्थानीय निवासियों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों और मेडिकल कॉलेज से जुड़ी अन्य समस्याओं पर भी अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश भारती ने मुख्यमंत्री को निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। कार्यक्रम में आयुष, विधि, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा, विधायक सुरेश कुमार और रणजीत सिंह, राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, राज्य नशामुक्ति बोर्ड के समन्वयक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर मौजूद रहे।
साथ ही ओबीसी वित्त एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष मोहन लाल, ओबीसी आयोग के सदस्य राजीव राणा, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, पार्टी नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा और सुभाष धटवालिया, उपायुक्त गंधर्व राठौर और पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। जोल सप्पर के दौरे से पूर्व मुख्यमंत्री ने हमीरपुर सर्किट हाउस में आम लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।