Uttarakhand: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 307 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र – The Hill News

Uttarakhand: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 307 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के 307 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने चयनित युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की सवा करोड़ जनता की सेवा के लिए एक ‘संकल्प पत्र’ है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान राज्य सरकार ने पूरी पारदर्शिता बरतते हुए 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों से जोड़ा है।

समारोह के दौरान कुल 307 युवाओं को सरकारी सेवा में प्रवेश मिला, जिनमें स्वास्थ्य विभाग के 243 चिकित्सा अधिकारी और 42 फार्मासिस्ट शामिल हैं। इसके साथ ही उद्यान विभाग के अंतर्गत 22 प्रयोगशाला सहायकों और मशरूम पर्यवेक्षकों को भी नियुक्ति पत्र सौंपे गए। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त स्वास्थ्य कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड जैसे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में उनकी जिम्मेदारी बहुत बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में जब कोई संकट आता है, तो जनता की पहली और सबसे बड़ी उम्मीद स्वास्थ्य कर्मी ही होते हैं। उन्होंने सभी डॉक्टरों और फार्मासिस्टों से पूरी संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया।

स्वास्थ्य सेवाओं पर चर्चा करते हुए पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को लगातार मजबूत कर रही है। उन्होंने आयुष्मान योजना की सफलता का उल्लेख करते हुए बताया कि अब तक राज्य में 62 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। इस योजना के माध्यम से लगभग 12 लाख मरीजों का 2200 करोड़ रुपये से अधिक का मुफ्त उपचार किया गया है। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य में वर्तमान में 5 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और 2 नए कॉलेजों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही श्रीनगर, देहरादून और हल्द्वानी में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है और हल्द्वानी में एक आधुनिक कैंसर संस्थान भी बनाया जा रहा है। दुर्गम क्षेत्रों के लिए हेली एंबुलेंस और टेलीमेडिसिन सेवाएं वरदान साबित हो रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कृषि और उद्यानिकी क्षेत्र में हो रहे सुधारों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कीवी, ड्रैगन फ्रूट, सेब और मशरूम उत्पादन जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा देकर किसानों की आय दोगुनी करने के प्रयास कर रही है। उन्होंने नवनियुक्त उद्यानिकी विशेषज्ञों से अपेक्षा की कि वे आधुनिक तकनीक के माध्यम से राज्य के कृषि क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि भर्ती परीक्षाओं में धांधली रोकने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून उत्तराखंड में लागू किया गया है, जिससे अब युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर पारदर्शी तरीके से नौकरियां मिल रही हैं।

कार्यक्रम में कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विभाग द्वारा कीवी और एप्पल मिशन जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने मशरूम उत्पादन को किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने का बड़ा जरिया बताया। वहीं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने विश्वास जताया कि नए चिकित्सकों की नियुक्ति से राज्य के दूरस्थ अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर होगी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, सचिव सचिन कुर्वे और एस. एन. पाण्डेय सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Pls read:Uttarakhand: नया कीर्तिमान रचने की ओर अग्रसर उत्तराखंड की चारधाम यात्रा दर्शनार्थियों का आंकड़ा 12 लाख के पार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *