Himachal: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जमा दो का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया – The Hill News

Himachal: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जमा दो का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जमा दो (10+2) की वार्षिक परीक्षा
का परिणाम घोषित कर दिया है, जिसके साथ ही हजारों विद्यार्थियों का लंबा इंतजार
समाप्त हो गया है। इस वर्ष का कुल परीक्षा परिणाम 92.02 प्रतिशत रहा है, जो बोर्ड
की कार्यक्षमता और छात्रों की मेहनत को दर्शाता है। आंकड़ों के अनुसार,
कुल 81,109 परीक्षार्थियों ने प्रदेश भर के 2,384 केंद्रों में परीक्षा दी
थी, जिनमें से 74,637 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए हैं। वहीं, 3,071
परीक्षार्थियों को कंपार्टमेंट आई है।

इस वर्ष के परीक्षा परिणामों की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि बोर्ड ने पिछले साल की
तुलना में 13 दिन पहले ही परिणाम जारी कर दिया है। बोर्ड के अध्यक्ष राजेश शर्मा ने
बताया कि तीनों संकायों—आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स का परिणाम एक साथ डिजिटल माध्यम से
उपलब्ध करा दिया गया है। समय पर परिणाम आने से उन छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी जो
नीट, जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं और विश्वविद्यालयों में
प्रवेश की तैयारी कर रहे हैं।

संकायवार प्रदर्शन की बात करें तो आर्ट्स संकाय में जिला कांगड़ा के पीएमश्री
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भवारना के छात्र अंशित कुमार ने 500
में से 496 अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान झटका है। इसी संकाय में
सिरमौर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कंगेर धरयार की आरुषि 495 अंकों के साथ
दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि कांगड़ा के दाड़ी सरकारी स्कूल की शाम्या बरजात्या
ने 494 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

साइंस संकाय में भी कांगड़ा जिले का दबदबा देखने को मिला। यहाँ छतड़ी स्थित न्यू
ईरा स्कूल की छात्रा शायला कश्यप ने 495 अंक हासिल कर टॉप किया है। दूसरे
स्थान पर जिला ऊना के अंब स्थित गुरुकुल स्कूल की संचिता और हमीरपुर के
आर्यन पब्लिक स्कूल झंडी की काशी शर्मा ने 493 अंकों के साथ संयुक्त रूप से
कब्जा जमाया है।

कॉमर्स संकाय में कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जहाँ तीन विद्यार्थियों ने 491-491
अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया है। इनमें जिला ऊना के
डीआर पब्लिक स्कूल गगरेट की दो छात्राएं यशस्वनी चौहान और कृषिका शामिल हैं,
साथ ही जिला कांगड़ा के एवीएम पब्लिक स्कूल पाहड़ा के छात्र आयान ने भी 491 अंक
हासिल कर शीर्ष स्थान साझा किया है।

राजेश शर्मा के अनुसार, बोर्ड ने इस बार परीक्षा केंद्रों की लाइव निगरानी
सुनिश्चित की थी ताकि पारदर्शिता बनी रहे। विद्यार्थी अपना स्कोर
कार्ड बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना रोल नंबर दर्ज कर देख सकते हैं। शैक्षणिक
सत्र 2025-26 की ये परीक्षाएं 3 मार्च से 1 अप्रैल तक आयोजित की गई थीं। सफलता
हासिल करने वाले मेधावियों के घरों में जश्न का माहौल है और बोर्ड ने सभी सफल
परीक्षार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की है।

 

Pls read:Himachal: मौसम का कोप, शिमला में ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *