शिमला। हिमाचल प्रदेश में आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने
अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। मंगलवार को शिमला स्थित भाजपा मुख्यालय
‘दीप कमल’ में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल की अध्यक्षता में एक
महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य केंद्र मंडी, सोलन,
पालमपुर और धर्मशाला नगर निगमों के आगामी चुनाव रहे, जहाँ पार्टी ने जीत
हासिल करने के लिए प्रत्येक क्षेत्र की परिस्थितियों के अनुसार अलग-अलग
और प्रभावी रणनीति तैयार की है।
बैठक के दौरान राजीव बिंदल ने स्पष्ट किया कि चारों नगर निगमों के चुनाव पार्टी के
आधिकारिक चुनाव चिह्न पर लड़े जाएंगे। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को
निर्देश दिए कि वे स्थानीय जनसमस्याओं और मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं। साथ
ही, उन्होंने संगठनात्मक मजबूती और व्यापक जनसंपर्क अभियान पर जोर दिया ताकि हर
मतदाता तक पार्टी की बात पहुँच सके। बिंदल ने दावा किया कि भाजपा की संगठनात्मक
एकजुटता और जमीनी स्तर पर बनाई गई नई रणनीति कांग्रेस को करारी शिकस्त
देगी। वरिष्ठ नेताओं ने इस दौरान चुनावी खाका तैयार करते हुए चारों
निगमों में जीत का लक्ष्य निर्धारित किया है।
सत्ताधारी दल पर हमला बोलते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस
सरकार ने अपने अब तक के कार्यकाल में जनता को केवल निराश किया है। भाजपा आने वाले
दिनों में कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर आम जनता के बीच जाएगी और
सरकार की विफलताओं का पर्दाफाश करेगी। पार्टी का मानना है कि नगर निगम चुनावों में
जनता कांग्रेस को उसकी वादाखिलाफी और विकास कार्यों में विफलता का करारा जवाब
देगी। भाजपा संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं के अटूट उत्साह के दम पर चारों
नगर निगमों में अपना परचम लहराने के संकल्प के साथ चुनावी मैदान में उतर रही है।
इस रणनीतिक बैठक में विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश
प्रभारी श्रीकांत शर्मा और सह प्रभारी संजय टंडन जैसे कद्दावर नेता शामिल
हुए और आगामी रणनीति को अंतिम रूप दिया। इनके अलावा बैठक में विपिन परमार, बिहारी
लाल शर्मा, रश्मि धर सूद, राजेश ठाकुर, पवन काजल, बलबीर वर्मा, संजीव कटवाल,
पायल वैद्य, वंदना योगी, त्रिलोक जमवाल, त्रिलोक कपूर, सुधीर शर्मा और संजीव
शर्मा ने भी हिस्सा लिया। साथ ही विधायक अनिल शर्मा, इंद्र सिंह गांधी, जिला
अध्यक्ष रतन सिंह पाल, सचिन शर्मा, रागिनी रकवाल, निहाल चंद शर्मा, राजेश
कश्यप और शैलेंद्र गुप्ता ने भी नगर निगम चुनावों को लेकर अपने सुझाव और विचार साझा
किए। भाजपा अब पूरी ताकत के साथ इन चुनावों में जीत सुनिश्चित करने के लिए कमर कस
चुकी है।
Pls read:Himachal: खराब मौसम और सुरक्षा कारणों के चलते राष्ट्रपति का अटल टनल दौरा स्थगित