नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद् ने वर्ष 2026 की 10वीं और 12वीं
बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इसके साथ ही 52 लाख से अधिक
छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों का लंबा इंतजार अब समाप्त हो गया है।
बोर्ड के अध्यक्ष भगवती सिंह ने प्रयागराज स्थित मुख्यालय में आयोजित एक
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नतीजों की आधिकारिक घोषणा की। परीक्षार्थी अपना
परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in और डिजीलॉकर की साइट
digilocker.gov.in पर जाकर देख सकते हैं।
इस वर्ष के परिणामों में सीतापुर जिले का दबदबा देखने को मिला है। हाईस्कूल और
इंटरमीडिएट दोनों ही परीक्षाओं में सीतापुर की छात्राओं ने प्रदेश में
प्रथम स्थान प्राप्त किया है। हाईस्कूल में बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज
की छात्रा कशिश वर्मा ने 97.83 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया है। वहीं, इंटरमीडिएट
में भी इसी कॉलेज की छात्रा शिखा वर्मा ने 97.60 प्रतिशत अंकों के साथ पूरे प्रदेश
में पहला स्थान प्राप्त कर विद्यालय और जनपद का मान बढ़ाया है।
हाईस्कूल परीक्षा के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस साल कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 90.42
रहा। इस परीक्षा में कुल 26,01,381 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें
से 23,52,181 छात्रों को सफल घोषित किया गया। हाईस्कूल में भी बालिकाओं ने
बालकों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत
जहाँ 87.30 रहा, वहीं बालिकाओं का सफलता प्रतिशत 93.76 दर्ज किया गया। इस प्रकार
बालिकाओं का प्रदर्शन बालकों से 6.46 प्रतिशत बेहतर रहा।
इंटरमीडिएट परीक्षा की बात करें तो इस वर्ष कुल 80.38 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण
हुए हैं। परीक्षा में सम्मिलित हुए कुल 24,86,072 विद्यार्थियों में से 19,98,317
परीक्षार्थी पास हुए। इंटरमीडिएट में भी छात्राओं ने बाजी मारी है। यहाँ बालकों
का उत्तीर्ण प्रतिशत 75.04 रहा, जबकि बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 86.32 दर्ज किया
गया, जो बालकों की तुलना में 11.28 प्रतिशत अधिक है।
बोर्ड अध्यक्ष भगवती सिंह ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य अत्यंत
पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया गया था। हाईस्कूल की कॉपियों के लिए 96,803 और
इंटरमीडिएट के लिए 55,973 परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। छात्रों को सलाह
दी गई है कि वे वेबसाइट के माध्यम से अपनी मार्कशीट डाउनलोड कर लें। पिछले वर्ष
की तुलना में इस बार भी बेटियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शिक्षा के
क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।