उत्तरकाशी। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चारण और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। इसी के साथ उत्तराखंड की प्रतिष्ठित चारधाम यात्रा 2026 का औपचारिक आगाज हो गया है। इस वर्ष की एक विशेष बात यह रही कि दोनों ही धामों में पहली आधिकारिक पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम पहुंचकर कपाटोद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया और स्वयं संकल्प लेकर प्रधानमंत्री की ओर से प्रथम पूजा की। इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश की खुशहाली, सुख-समृद्धि और शांति की मंगल कामना की।
धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए रविवार को मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से प्रस्थान कर गंगोत्री धाम पहुंची। दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर विशेष अभिषेक और मंत्रोच्चार के बीच गंगोत्री मंदिर के द्वार आम जनता के लिए खोल दिए गए। दूसरी ओर, मां यमुना की डोली अपने भाई शनिदेव महाराज की अगुवाई में शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई। यहां भी पूरी धार्मिक श्रद्धा के साथ दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर मंदिर के कपाट दर्शनार्थियों के लिए खोल दिए गए।
गंगोत्री धाम में आयोजित समारोह में शिरकत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां गंगा के चरणों में शीश नवाया और देव डोली का आशीर्वाद लिया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि चारधाम यात्रा विश्वभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र है और देवभूमि आने वाले हर भक्त की इच्छा इन दिव्य धामों के दर्शन करने की होती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि यात्रा के दौरान किसी को भी असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे इस यात्रा को ‘ग्रीन और क्लीन’ बनाने में अपना पूर्ण सहयोग दें। उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने का आग्रह किया ताकि हिमालय की दिव्यता और पवित्रता अक्षुण्ण बनी रहे। सरकार का लक्ष्य है कि यहां आने वाला प्रत्येक यात्री देवभूमि से एक सुखद, सुरक्षित और यादगार आध्यात्मिक अनुभव लेकर लौटे।
इस ऐतिहासिक अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, प्रताप पंवार, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, एडीएम मुक्ता मिश्रा, किशोर भट्ट, धर्मांनंद सेमवाल और सुरेश सेमवाल सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने यात्रा के सफल और निर्बाध संचालन की कामना की।