IPL: आईपीएल इतिहास की सबसे महंगी डील राजस्थान रॉयल्स को काल सोमानी ने 15 हजार करोड़ में खरीदा

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की पहली विजेता टीम राजस्थान रॉयल्स को 19वें सीजन से पहले नया मालिक मिल गया है। भारत में जन्मे और अमेरिका के प्रतिष्ठित व्यवसायी काल सोमानी के नेतृत्व वाले ग्रुप ने राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी को खरीदने की डील फाइनल कर ली है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कंसोर्टियम आरआर टीम को 1.63 बिलियन डॉलर यानी लगभग 15,282 करोड़ रुपये में खरीदने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस ऐतिहासिक सौदे के साथ ही राजस्थान रॉयल्स आईपीएल के इतिहास की सबसे महंगी फ्रेंचाइजी बन जाएगी। यह पहली बार है जब किसी आईपीएल टीम की बिक्री एक बिलियन डॉलर से अधिक की कीमत पर हुई है।

राजस्थान रॉयल्स के नए मालिक काल सोमानी टेक्नोलॉजी और निवेश के क्षेत्र में एक बड़ा नाम माने जाते हैं। उन्होंने एड-टेक, डेटा प्राइवेसी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) गवर्नेंस और स्पोर्ट्स टेक जैसे आधुनिक क्षेत्रों में कई वैश्विक कंपनियां स्थापित की हैं। काल सोमानी पहले से ही इस फ्रेंचाइजी में अल्पसंख्यक हिस्सेदार के रूप में जुड़े हुए थे, लेकिन अब वे इसके मुख्य स्वामी होंगे। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, सोमानी को वॉलमार्ट परिवार के प्रसिद्ध अमेरिकी कारोबारी रॉब वाल्टन और हैम्प परिवार का भी समर्थन प्राप्त है। यह बड़ी डील आगामी आईपीएल 2026 सीजन के समापन के बाद पूरी तरह प्रभावी होगी।

यह सौदा आईपीएल के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा निवेश माना जा रहा है। तुलनात्मक रूप से देखें तो पिछले साल टॉरेंट ग्रुप ने सीवीसी कैपिटल पार्टनर्स से गुजरात टाइटंस में 67 प्रतिशत हिस्सेदारी लगभग 5,025 करोड़ रुपये में खरीदी थी, जिससे उस समय गुजरात टाइटंस की कुल वैल्यू करीब 7,500 करोड़ रुपये आंकी गई थी। राजस्थान रॉयल्स को अब तक भारतीय मूल के ब्रिटिश उद्योगपति मनोज बदाले और अन्य सहयोगियों द्वारा संचालित किया जा रहा था।

राजस्थान रॉयल्स की आर्थिक प्रगति का ग्राफ देखकर हर कोई हैरान है। साल 2008 में जब आईपीएल की शुरुआत हुई थी, तब इस टीम को मात्र 67 मिलियन डॉलर (उस समय के करीब 260-270 करोड़ रुपये) में खरीदा गया था। आज की मुद्रा दर के हिसाब से वह राशि लगभग 628 करोड़ रुपये बैठती है। वहीं, साल 2026 के लिए इस फ्रेंचाइजी की कीमत 1.63 बिलियन डॉलर (करीब 15,289 करोड़ रुपये) तय की गई है। इसका सीधा अर्थ यह है कि 2008 की तुलना में राजस्थान रॉयल्स की ब्रांड वैल्यू में लगभग 24 गुना की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। यह डील न केवल राजस्थान रॉयल्स बल्कि पूरी आईपीएल लीग के बढ़ते वैश्विक प्रभाव को दर्शाती है।

 

PLs read:IPL: आईपीएल 2026 के लिए बीसीसीआई के सख्त दिशा निर्देश और अभ्यास के लिए नई पिचों और नेट्स का इस्तेमाल अनिवार्य

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *