हरिद्वार। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को उत्तराखंड को बड़ी सौगात देते हुए 1129.91 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। हरिद्वार के बैरागी कैंप में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 1014.81 करोड़ रुपये की 22 नई योजनाओं की आधारशिला रखी, जबकि 115.10 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई 17 परियोजनाओं का उद्घाटन कर उन्हें जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उनके साथ मौजूद रहे।
अमित शाह द्वारा किए गए लोकार्पण कार्यों में सहकारिता और पुलिस विभाग की योजनाएं प्रमुख रहीं। उन्होंने 14 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना के अंतर्गत निर्मित टी.एम.आर. प्लांट का उद्घाटन किया। पुलिस कर्मियों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी, नैनीताल, टिहरी और चम्पावत में निर्मित कुल 100 से अधिक आवासीय भवनों और प्रशासनिक केंद्रों का लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त, हरिद्वार और देहरादून की जेलों में सुरक्षा बढ़ाने के लिए हाई-सिक्योरिटी बैरकों और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग क्यूबिकल्स की सुविधा भी शुरू की गई।
शिलान्यास की गई योजनाओं में सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण परियोजना आपदा प्रबंधन से जुड़ी है। विश्व बैंक द्वारा पोषित योजना के अंतर्गत चमोली जिले के ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) में भू-धंसाव रोकने के लिए स्लोप स्टेबलाइजेशन और ड्रेनेज कार्यों हेतु कुल 599 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों की नींव रखी गई। अकेले स्लोप स्टेबलाइजेशन कार्य पर 516.98 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
पुलिस बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए देहरादून पुलिस लाइन में 155.45 करोड़ रुपये की लागत से 360 नए टाइप-2 आवासों के निर्माण का कार्य शुरू किया गया। हरिद्वार में ‘हरिद्वार गंगा कॉरिडोर’ परियोजना के तहत रोडीबेलवाला क्षेत्र के पुनरोद्धार के लिए 43.25 करोड़ और सती कुंड के सौंदर्यीकरण के लिए 60.34 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
सहकारिता विभाग के मुख्यालय भवन के निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। साथ ही, अल्मोड़ा और चमोली में कोसी व अलकनंदा नदियों पर नए मोटर सेतुओं के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। कारागार विभाग के तहत सितारगंज, अल्मोड़ा और रुड़की की जेलों में अतिरिक्त आवासीय भवनों और सुविधाओं के विस्तार के लिए करोड़ों के प्रस्तावों को हरी झंडी मिली। अमित शाह ने इन परियोजनाओं को राज्य के विकास और सुरक्षा के लिए मील का पत्थर बताया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन योजनाओं के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।