हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह के सशक्त मार्गदर्शन में आज भारत विकास और सुशासन की नई इबारत लिख रहा है। हरिद्वार में आयोजित एक भव्य जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 में उत्तराखंड की जनता ने तमाम राजनीतिक मिथकों को ध्वस्त करते हुए भाजपा सरकार को दोबारा सेवा करने का ऐतिहासिक अवसर दिया। उन्होंने केंद्र सरकार के साहसिक निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार किया गया है।
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के माध्यम से वर्षों से उपेक्षित हिंदू शरणार्थियों को सम्मान और सुरक्षा प्रदान की गई है। साथ ही, अंग्रेजों के जमाने के पुराने कानूनों को बदलकर भारतीय आत्मा के अनुरूप नई न्याय संहिता लागू की गई है, जो त्वरित न्याय सुनिश्चित करेगी। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश ने आतंकवाद और नक्सलवाद पर कड़ा प्रहार किया है। आज कश्मीर के लाल चौक पर शान से तिरंगा लहराना देश की मजबूत सुरक्षा नीति का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पुनरुत्थान पर जोर देते हुए कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और केदारनाथ-बद्रीनाथ धामों का भव्य पुनर्निर्माण सनातन संस्कृति के गौरव को बढ़ा रहा है। उन्होंने आगामी हरिद्वार कुंभ के लिए केंद्र सरकार द्वारा 500 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी करने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह महाआयोजन पूरी दुनिया में भारतीय आस्था का परचम लहराएगा।
उत्तराखंड की आर्थिक प्रगति का ब्यौरा देते हुए धामी ने बताया कि पिछले चार वर्षों में राज्य की आर्थिकी में डेढ़ गुना से अधिक की वृद्धि हुई है। प्रदेश की विकास दर 7.23 प्रतिशत तक पहुँच गई है और प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत का बड़ा सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के माध्यम से हुए 3.56 लाख करोड़ के निवेश समझौतों में से एक लाख करोड़ से अधिक की योजनाएं जमीन पर उतर चुकी हैं। उत्तराखंड आज नीति आयोग के सतत विकास सूचकांक (एसडीजी) में देशभर में पहले स्थान पर है।
सामाजिक न्याय की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। इसके साथ ही, ‘ऑपरेशन कालनेमी’ के जरिए घुसपैठियों के खिलाफ और सख्त भू-कानून के माध्यम से भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूडी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत, तीरथ सिंह रावत, रमेश पोखरियाल, विजय बहुगुणा, सांसद माला राज्य लक्ष्मी, अनिल बलूनी, अजय भट्ट और मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।