चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली के जंतर मंतर पर आयोजित रैली में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारत में तानाशाही राजनीति को बदलने के संकल्प में पंजाब पूरी मजबूती के साथ अरविंद केजरीवाल के साथ खड़ा है। मान ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाब की जनता ‘आप’ को 100 सीटें जिताकर एक बड़ा तोहफा देगी।
भगवंत मान ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया जैसे नेता चट्टान की तरह डटकर देश के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने एक सुनियोजित साजिश के तहत ‘आप’ को खत्म करने की कोशिश की, लेकिन अब वह षड्यंत्र जनता के सामने बेनकाब हो चुका है। मुख्यमंत्री ने मोदी सरकार को पंजाब विरोधी करार देते हुए कहा कि केंद्र ने आरडीएफ और जीएसटी समेत पंजाब के हक का करोड़ों रुपया रोक रखा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी देश से नफ़रत और झूठ की राजनीति को ख़त्म करने के मिशन पर सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही है।
रैली को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि जब भी आम आदमी पार्टी पर कोई संकट आता है, वह और अधिक ताकत के साथ उभरती है। उन्होंने कहा कि सच बोलने का साहस केवल उन लोगों में होता है जो ईमानदार हैं, जबकि झूठ बोलने वालों को हमेशा अपनी पिछली बातें याद रखनी पड़ती हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे पहले जिन चीजों का विरोध करते थे, अब उन्हें ही अपनी उपलब्धि बताते हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि दिल्ली में मुफ्त बिजली, अच्छे सरकारी स्कूल और अस्पतालों के कारण निजी माफिया को नुकसान हो रहा था, इसीलिए साजिश के तहत ‘आप’ नेताओं को जेल भेजा गया।
शहीद भगत सिंह का उदाहरण देते हुए भगवंत मान ने कहा कि क्रांतिकारियों के लिए जेल की सजा एक ऊर्जा की तरह काम करती है। उन्होंने कहा कि जैसे भगत सिंह ने असेंबली में बम फेंककर सोई हुई जनता को जगाया था, वैसे ही आज का दौर भी इतिहास दोहरा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री अमित शाह को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि वे देश की सत्ता पर बैठे केवल ‘किरायेदार’ हैं, यह देश किसी की निजी संपत्ति नहीं है।
मुख्यमंत्री ने पंजाब के गौरवशाली इतिहास को याद दिलाते हुए कहा कि सीमाओं की सुरक्षा हो या देश का पेट भरना, पंजाबियों ने हमेशा सबसे आगे रहकर योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि 2027 में पंजाब में भारी बहुमत के साथ फिर से सरकार बनेगी। उन्होंने अंत में विश्वास दिलाया कि पंजाब हमेशा सच और अरविंद केजरीवाल के साथ खड़ा रहेगा, क्योंकि पंजाबी ‘सरबत दा भला’ चाहने वाले और बलिदान देने वाले लोग हैं। भगवंत मान ने कश्मीरी पंडितों और धर्म की रक्षा के लिए गुरु तेग बहादुर के बलिदान को भी याद किया और कहा कि ‘आप’ हमेशा न्याय के साथ खड़ी रहेगी।
Pls reaD:Punjab: मार्च की शुरुआत में ही गर्मी के तीखे तेवर और बढ़ते पारे ने बढ़ाई किसानों की चिंता