देहरादून। उत्तराखंड में बागवानी और पुष्प उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक नई और रंगीन पहल की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री ने अपने परिवार के साथ मिलकर मुख्यमंत्री आवास परिसर के उद्यान में ट्यूलिप के बल्ब रोपे और इसे एक मुहिम का रूप दिया। इस बार मुख्यमंत्री आवास के उद्यान में 17 अलग-अलग प्रजातियों के कुल चार हजार ट्यूलिप के बल्ब रोपे जा रहे हैं जो आने वाले समय में अपनी खूबसूरती से सबको मंत्रमुग्ध करेंगे।
इन ट्यूलिप में लेक पर्पल और बाईकलर जैसी खास और आकर्षक प्रजातियां भी शामिल हैं जो अपनी रंगत के लिए जानी जाती हैं। मुख्यमंत्री ने केवल पौधे लगाने तक ही खुद को सीमित नहीं रखा बल्कि उन्होंने उद्यान विभाग को एक बड़ा टास्क भी सौंपा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ट्यूलिप के व्यावसायिक उत्पादन के लिए एक ठोस कार्ययोजना तैयार करें ताकि राज्य के किसान और बागवान इसका लाभ उठा सकें।
मुख्यमंत्री ने पुष्प उत्पादन और बागवानी के क्षेत्र में नवाचार यानी इनोवेशन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि नई तकनीकों और प्रयोगों से ही राज्य की बागवानी को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सकता है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित से ट्यूलिप उत्पादन की बारीकियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने परिसर में चल रहे मशरूम उत्पादन और मौनपालन जैसे अन्य बागवानी कार्यों का भी जायजा लिया और उनकी प्रगति की जानकारी ली।