Himachal: हिमाचल कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष विनय कुमार ने बताया दोबारा सरकार बनाने का पूरा प्लान – The Hill News

Himachal: हिमाचल कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष विनय कुमार ने बताया दोबारा सरकार बनाने का पूरा प्लान

शिमला. हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा देने और राज्य में दोबारा पार्टी की सरकार बनाने की चुनौती को नवनियुक्त अध्यक्ष विनय कुमार ने स्वीकार कर लिया है। अपना पदभार संभालने के बाद विनय कुमार ने स्पष्ट कर दिया है कि उनका एकमात्र लक्ष्य संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बिठाकर मिशन रिपीट को अंजाम देना है। उन्होंने माना कि प्रदेश सरकार के पास अब केवल दो साल का समय शेष बचा है। उनके गणित के अनुसार इसमें से एक साल काम करने के लिए है और आखिरी एक साल पूरी तरह से चुनावी तैयारियों का होगा।

विनय कुमार ने एक साक्षात्कार में स्वीकार किया कि पिछले एक साल से प्रदेश में संगठन का ढांचा न होने के कारण पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि संगठन ही वह पुल है जो सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाता है। इस कमी को दूर करने के लिए उन्होंने तुरंत काम शुरू करने की बात कही है। विनय कुमार ने लक्ष्य रखा है कि अगले तीन महीनों के भीतर प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का गठन कर लिया जाएगा। इस नई टीम में वरिष्ठ नेताओं के अनुभव के साथ-साथ युवाओं के जोश और महिलाओं की भागीदारी को भी सुनिश्चित किया जाएगा।

कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने और उनकी आवाज को सरकार तक पहुंचाने के लिए नवनियुक्त अध्यक्ष ने एक अहम व्यवस्था लागू करने का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि अब मंत्रियों को रोस्टर के हिसाब से कांग्रेस मुख्यालय में बैठना होगा। इसका मकसद यह है कि दूर-दराज से आने वाले कार्यकर्ता अपनी समस्याएं सीधे मंत्रियों के सामने रख सकें और उनका समाधान हो सके। रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले विनय कुमार ने कहा कि वह यशवंत सिंह परमार की विरासत से जुड़े हैं और जमीनी स्तर पर काम करने में विश्वास रखते हैं।

आर्थिक तंगी और संसाधनों की कमी के सवाल पर विनय कुमार ने व्यावहारिक जवाब दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन को चलाने के लिए धन की आवश्यकता होती है। जिस तरह सरकार अपने राजस्व को बढ़ाने के प्रयास कर रही है, उसी तरह संगठन को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए भी वरिष्ठ और कनिष्ठ नेताओं के सहयोग से हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।

हिमाचल के इतिहास में सरकार रिपीट न होने के मिथक को तोड़ने के लिए भी विनय कुमार ने अपनी रणनीति साझा की। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के समय भी जो कमियां रह गई थीं, उनसे सबक लिया जाएगा। अब ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को खड़ा किया जाएगा। भाजपा के सोशल मीडिया वार और दुष्प्रचार का जवाब देने के लिए कांग्रेस के मीडिया सेल और अन्य विभागों को आधुनिक तरीके से मजबूत किया जाएगा। विनय कुमार का मानना है कि वरिष्ठों के होश और युवाओं के जोश के मिश्रण से ही कांग्रेस दोबारा सत्ता में वापसी कर सकती है। सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एक कैलेंडर तैयार किया जाएगा जिसके आधार पर आगे की रूपरेखा तय होगी।

 

Pls read:Himachal: धर्मशाला में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंच से राधे राधे और राम राम बोलकर विरोधियों को दिया करारा जवाब

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *