Punjab: पंजाब के किसानों को सीएम मान का बड़ा तोहफा गन्ने का रेट बढ़ाकर किया 416 रुपये – The Hill News

Punjab: पंजाब के किसानों को सीएम मान का बड़ा तोहफा गन्ने का रेट बढ़ाकर किया 416 रुपये

दीनानगर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य के गन्ना किसानों को बड़ी सौगात देते हुए गन्ने के भाव में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने आगामी पिराई सीजन के लिए गन्ने का भाव 416 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया है। दीनानगर में एक नई चीनी मिल और को-जनरेशन प्लांट का उद्घाटन करने के बाद मीडिया से बात करते हुए मान ने कहा कि पंजाब देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जिसने गन्ने का इतना अधिक भाव तय किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार राज्य भर के किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और गन्ने की यह कीमत राष्ट्रीय स्तर पर एक मिसाल है।

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि इस फैसले से सीमावर्ती जिलों के किसानों को विशेष रूप से लाभ होगा क्योंकि वहां गन्ना एक प्रमुख फसल है। उन्होंने केंद्र सरकार से भी अपील की कि वह गन्ने को उन फसलों के व्यवहार्य विकल्प के रूप में बढ़ावा दे जिनमें पानी की खपत अधिक होती है। दीनानगर में नई सहकारी चीनी मिल के बारे में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के सहकारी क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि 1980 में स्थापित इस मिल की क्षमता पहले काफी कम थी। इस क्षेत्र में करीब 80 लाख क्विंटल गन्ने का उत्पादन होता है जबकि पुरानी मिल की क्षमता केवल 25 लाख क्विंटल पिराई की थी। इस अंतर को खत्म करने के लिए सरकार ने मिल के आधुनिकीकरण का बड़ा फैसला लिया।

नई मिल की पिराई क्षमता अब बढ़ाकर 5000 टीसीडी कर दी गई है। इससे क्षेत्र के गन्ने की समय पर और कुशल तरीके से पिराई सुनिश्चित हो सकेगी। इस प्रोजेक्ट की एक बड़ी खासियत यहां 28.5 मेगावाट के को-जनरेशन पावर प्लांट का शुरू होना है। इसमें से 20 मेगावाट सरप्लस बिजली पीएसपीसीएल को बेची जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि बिजली निर्यात से हर पिराई सीजन में लगभग 20 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा जिससे मिल की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। इस विस्तार से मिल को गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों की संख्या 2850 से बढ़कर लगभग 7025 होने की उम्मीद है। अब किसानों को अपनी फसल लेकर दूर-दराज की निजी मिलों में नहीं जाना पड़ेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपभोक्ता ब्रांड ‘फतेह शुगर’ का भी शुभारंभ किया। उन्होंने बटाला सहकारी चीनी मिल में निर्मित रिफाइंड शुगर, कैस्टर शुगर और आइसिंग शुगर के एक किलो के पैक और पांच ग्राम के पाउच का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि सल्फर मुक्त ये उत्पाद उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाली चीनी का विकल्प देंगे।

स्थानीय मांगों पर प्रतिक्रिया देते हुए मान ने घोषणा की कि क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज की लंबे समय से चली आ रही मांग को जल्द ही पूरा किया जाएगा। इसके अलावा तरनतारन में लड़कियों के लिए सरकारी कॉलेज और जंडियाला गुरु में रेलवे लाइन पर एक नया ओवरब्रिज बनाने का काम भी चल रहा है। भाजपा नेता अश्वनी शर्मा पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें राजनीतिक दोषारोपण के बजाय केंद्र से पंजाब के बाढ़ राहत के रुके हुए 1600 करोड़ रुपये जारी करवाने चाहिए। मान ने यह भी जानकारी दी कि राज्य सरकार जल्द ही मुख्यमंत्री सेहत योजना शुरू करने जा रही है जिसके तहत नागरिकों को 10 लाख रुपये का बीमा कवर दिया जाएगा।

 

Pls reaD:Punjab: पंजाब को औद्योगिक हब बनाने के लिए जापान से रणनीतिक साझेदारी करेंगे मुख्यमंत्री मान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *