टिहरी:
चंबा-ऋषिकेश हाईवे पर नागणी के समीप आज एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दो व्यक्तियों की मौत हो गई है, जबकि लगभग 12-13 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
यह हादसा उस समय हुआ जब विश्वनाथ सेवा की एक बस चंबा से ऋषिकेश की ओर जा रही थी। नागणी के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं।
घटनास्थल पर एम्बुलेंस मौजूद हैं और घायलों को तत्काल उपचार दिया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल ले जाने के लिए अतिरिक्त एम्बुलेंस भी घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई हैं। एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम भी कोटी कॉलोनी से घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार, 108 चंबा एम्बुलेंस द्वारा एक घायल व्यक्ति को खाड़ी हॉस्पिटल ले जाया गया है। वहीं, दो पुरुष मृतकों को निजी वाहन से जिला अस्पताल बौराड़ी लाया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
(नोट: यह खबर प्रारंभिक जानकारी पर आधारित है और इसे लगातार अपडेट किया जा रहा है। जैसे-जैसे और जानकारी उपलब्ध होगी, इसे संशोधित किया जाएगा।)