Punjab: शहीद उधम सिंह के शहीदी दिवस पर पंजाब में 31 जुलाई को गजटेड अवकाश

चंडीगढ़।

पंजाब सरकार ने शहीद उधम सिंह जी की विरासत का सम्मान करते हुए और कंबोज समुदाय की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सरकार ने महान स्वतंत्रता सेनानी के शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में 31 जुलाई को गजटेड अवकाश (राजपत्रित अवकाश) घोषित किया है।

यह जानकारी आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री, श्री अमन अरोड़ा ने दी। मंगलवार को यहां पंजाब भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, श्री अमन अरोड़ा ने बताया कि राज्य सरकार ने भवानीगढ़-सुनाम-भिखी-कोटशमीर सड़क का नाम बदलकर “शहीद उधम सिंह मार्ग” रखने का भी निर्णय लिया है।

उन्होंने बताया कि महान भारतीय क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानी के शहीदी दिवस को मनाने के लिए शहीद उधम सिंह के जन्मस्थान सुनाम में एक राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह के दौरान 31 जुलाई को आप के राष्ट्रीय संयोजक श्री अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान आधिकारिक तौर पर सड़क का नाम शहीद उधम सिंह के नाम पर रखेंगे।

श्री अरोड़ा ने जलियांवाला बाग हत्याकांड का लंदन में बदला लेने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद उधम सिंह जी की विरासत को सम्मान देने के लिए श्री अरविंद केजरीवाल और स. भगवंत सिंह मान का आभार व्यक्त किया।

इसके साथ ही, श्री अमन अरोड़ा ने केंद्र सरकार से भी पटियाला-भवानीगढ़ सड़क का नाम शहीद उधम सिंह जी के नाम पर रखने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मान भी इस महान क्रांतिकारी को सच्ची श्रद्धांजलि देने के लिए इस मामले को केंद्र सरकार के समक्ष उठा रहे हैं।

इस अवसर पर जलालाबाद के विधायक श्री जगदीप कंबोज गोल्डी और पंजाब राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के चेयरमैन डॉ. मलकीत सिंह थिंद ने भी कंबोज समुदाय की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने के लिए अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का हार्दिक धन्यवाद किया। उन्होंने इन मांगों को पूरा करने, शहीदों के बलिदान को सम्मान दिलाने और पंजाब एवं भारत का गौरव बढ़ाने में अमन अरोड़ा के अथक प्रयासों की भी सराहना की।

यह निर्णय पंजाब में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक और सामाजिक कदम के रूप में देखा जा रहा है, जो न केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धांजलि देता है, बल्कि एक प्रमुख समुदाय की भावनाओं का भी सम्मान करता है।

 

Pls read:Punjab: अब आम आदमी क्लीनिक में मिलेगा कुत्ते के काटने का मुफ्त टीका, मान सरकार का ऐतिहासिक फैसला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *