देहरादून। कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास के निधन के बाद खाली हुई बागेश्वर सीट के उपचुनाव के भाजपा ने कमर कस ली है। उपचुनाव की तिथि भले ही अभी तय न हुई हो, लेकिन तैयारियां शुरू कर दी हैं।
चुनाव की दृष्टि से कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र बिष्ट को प्रभारी बनाया गया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के हवाले से यह जानकारी दी। उधर, कैबिनेट मंत्री बहुगुणा ने कहा कि उपचुनाव में भाजपा की जीत तय है।