देहरादून: बॉलीवुड अभिनेत्री अमृता सिंह के मामा की फर्जी वसीयत बनाकर उनकी संपत्ति बेचने का प्रयास करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वर्ष 2019 में अभिनेत्री के मामा मधुसूदन बिंबट की मृत्यु के बाद से संपत्ति विवादों में है। तीन साल पहले भी जालसाजी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के अनुसार, क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में मधुसूदन बिंबट की 20 बीघा भूमि है। 19 जनवरी 2019 को मधुसूदन बिंबट की मौत हो गई थी। तब से इस संपत्ति पर भू-माफिया की नजर है। बीते 17 मार्च 2022 को अमृता सिंह की मौसी ताहिरा बिंबट ने पुलिस को शिकायत दी थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि उनके भाई मधुसूदन बिंबट की संपत्ति की राजेंद्र सिंह नाम के व्यक्ति ने फर्जी वसीयत बना ली है।
आरोपित राजेंद्र सिंह कारगी चौक से गिरफ्तार
क्लेमेनटाउन थाना पुलिस ने मामले में जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। थानाध्यक्ष दीपक कठैत ने बताया कि गुरुवार को आरोपित राजेंद्र सिंह को कारगी चौक से गिरफ्तार कर लिया गया। राजेंद्र सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश सहारनपुर के मोहिद्दीनपुर का रहने वाला है। आरोपित को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।