रुद्रप्रयाग: माना जा रहा था कि केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद भी श्रद्धालुओं को लगभग दो-तीन सप्ताह तक बर्फ के बीच से ही सफर करना होगा। लेकिन, यहां तो अप्रैल शुरू होते ही बर्फ लगभग गायब हो गई है, जबकि बीते वर्षों में मई आखिर तक भी केदारपुरी में बर्फ के दर्शन होते रहे हैं। वर्तमान में लिनचोली से केदारनाथ के बीच सिर्फ चार ग्लेशियर प्वाइंट में ही बर्फ नजर आ रही है। इससे स्थानीय निवासियों के साथ ही विशेषज्ञ भी हैरान हैं।
केदारपुरी में दोपहर का तापमान 28 से 30 डिग्री के बीच है। मंदिर और आसपास की बर्फ तेजी से पिघल रही है। बता दें कि केदारनाथ पैदल मार्ग पर भीमबली से केदारनाथ के बीच बर्फ हटाने का लक्ष्य 31 मार्च तक रखा था। लेकिन, डीडीएमए ने 24 मार्च तक ही मार्ग को खोल दिया। द्वितीय चरण में मार्ग को दो मीटर चौड़ाई में और खोला जाना था, लेकिन बढ़ते तापमान के कारण बर्फ पिघलने से ऐसी नौबत ही नहीं आ रही। बीते वर्षों में यात्रा शुरू होने के बाद भी कई सप्ताह तक केदारनाथ बर्फ रहती थी।