लखीमपुर। लखीमपुर के राजकीय इंटर कालेज के मैदान से पूर्व मुख्यमंत्री और सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर निशाना साधा। कहा, पहले चरण और दूसरे चरण के मतदान में सपा और गठबंधन का शतक लग चुका है। अब तीसरे और चौथे चरण के मतदान के बाद एक और शतक लगने वाला है। पहले चरण के मतदान के बाद भाजपा के नेता ठंडे पड़ गए हैं। दूसरे चरण के मतदान से सुन्न हो गए हैं। इसके बाद नतीजा शून्य ही रह जाएगा।
अखिलेश ने खीरी हिंसा को भी मंच से आड़े हाथ लिया और कहा कि किसानों पर गाड़ी चढ़ाने वाले मंत्री पुत्र को जनता कभी माफ नहीं करेगी। करीब 40 मिनट के संबोधन में मुख्यमंत्री ने अपना पूरा वक्त भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधे रखा और पार्टी को झूठ का पुलिंदा बताया। सपा सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा के बूथों पर भूत नाचेंगे। कहने को भाजपा दुनिया की बड़ी पार्टी है, लेकिन मक्खी मारने वाला भी नहीं मिलेगा। आप सभी सपा को आठों विधानसभा जिताएं। अखिलेश ने परोक्ष रूप से प्रधानमंत्री को भी निशाने पर लिया। कहा बिजनौर के बाद लखीमपुर में भी हवाई जहाज नहीं उतरा। भाजपा का मौसम खराब है। भाजपा झूठ का पुलिंदा है। उसके छोटे नेता छोटा झूठ बोलते हैं, बड़े नेता बड़ा झूठ बोलते हैं और सबसे बड़ा नेता सफेद झूठ बोलता है। उन्होंने किसानों से भी पूछा कि भाजपा कहती है कि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी, लेकिन क्या किसी किसान की आय दोगुनी हो पाई। किसानों को समय पर खाद नहीं मिली। बोरी में चोरी हो गई। अखिलेश ने महंगाई को लेकर बीजेपी पर तंज कसा।