शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की तबीयत खराब हो गई है। सीएम बीते कल शुक्रवार से दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आज दूसरे दिन भी एम्स में टेस्ट होंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री को आज भी अस्पताल से छुट्टी मिलने की संभावना कम है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती हुए थे। जहां पर उनके देर रात तक टेस्ट चलते रहे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को वीरवार रात से सीने में दर्द की शिकायत हो रही थी और उसके बाद शुक्रवार सुबह वह आइजीएमसी में टेस्ट व प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली एम्स के लिए रवाना हो गए। इससे पूर्व वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सराज छात्र कल्याण संघ के कार्यक्रम में भी शामिल हुए। मिली जानकारी के अनुसार एम्स में उनके इको सहित अन्य स्वास्थ्य जांच की गई है और मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है।