नई दिल्ली। पंजाब के साथ यूपी में तीसरे चरण का मतदान 20 फरवरी को है, इसके लिए आज शाम 6 बजे चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। यूपी में तीसरे चरण के चुनाव प्रचार के आखिरी दिन उम्मीदवार एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। कई बड़े नेता भी आज अपनी-अपनी पार्टी के प्रचार करेंगे। चुनावी मैदान में सत्ताधारी भाजपा, सपा, कांग्रेस, रालोद, बसपा और आप के अलावा कई दल उतरे हैं। हालांकि मुख्य मुकाबला भाजपा और सपा के बीच माना जा रहा है।
उधर, पंजाब में भी आज शाम चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। 117 विधासभा सीटों वाले पंजाब में भी 20 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। पंजाब में सीएम चन्नी के यूपी-बिहार के भैया वाले बयान पर घमासान मचा हुआ है। भाजपा समेत तमाम विरोधी दल कांग्रेस पर सीधा हमला बोल रहे हैं।
16 जिलों की 59 सीटों पर होगा मतदान
तीसरे चरण में यूपी की 16 जिलों की 59 सीटों पर वोटिंग होगी। तीसरे चरण में हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर, एवं महोबा में मतदान होना है।