अखिलेश यादव ने सपा की एक और प्रत्याशी सूची जारी की, स्वामी प्रसाद को दिया टिकट – The Hill News

अखिलेश यादव ने सपा की एक और प्रत्याशी सूची जारी की, स्वामी प्रसाद को दिया टिकट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने बुधवार को अपने प्रत्याशियों की सूची जारी की है। इस सूची में तीन उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य को कुशीनगर की फाजिलनगर क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया गया है। लखनऊ की सरोजनी नगर सीट से अभिषेक मिश्रा को टिकट दिया गया है। वहीं, कौशांबी की सिराथू विधानसभा सीट से पल्लवी पटेल को उतारा गया है। वह डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी।

बुधवार को जारी समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों की लिस्ट में सबसे अहम नाम स्वामी प्रसाद मौर्य हैं। मौर्य 2017 में बसपा छोड़कर भाजपा में आए थे, 2022 में उन्होंने एक बार फिर पार्टी बदल कर सपा का दामन थाम लिया। अब सपा ने उन्हें  कुशीनगर की फाजिलनगर विधानसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया है। हालांकि, वह 2017 के विधानसभा चुनाव में कुशीनगर की पडरौना सीट से जीते थे। समाजवादी पार्टी ने कौशांबी की सिराथू सीट से अपना दल (कमेरावादी) की पल्‍लवी पटेल को मैदान में उतारा गया है। यह सीट सपा और अपना दल कमेरावादी के गठबंधन के खाते में गई है। यहां से उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भाजपा के टिकट से चुनावी मैदान में हैं। पल्‍लवी पटेल अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की छोटी बहन हैं। वहीं, बसपा ने इस सीट से संतोष कुमार त्रिपाठी को उम्‍मीदवार बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *