लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए अपने 53 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। नई दिल्ली में शनिवार रात करीब 11 बजकर 40 मिनट पर पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक की ओर से प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई। घोषित सूची में पार्टी के सभी नौ सिटिंग विधायकों को जगह दी गई है। खटीमा सीट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ पार्टी ने भुवन चंद्र कापड़ी को मैदान में उतारा है। पहली सूची में तीन महिलाओं को उम्मीदवार बनाया गया है।

राज्य में आठ जनवरी को चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के 14 दिन की लंबी जद्दोजहद के बाद कांग्रेस पार्टी शनिवार देर रात सूची जारी कर पाई है। जबकि इससे पूर्व सत्ताधारी दल भाजपा 20 जनवरी को अपने 59 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर चुकी है। शनिवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस के 15 गुरुद्वारा रकाबगंज रोड (जीआरजी) में बने वार रूम में पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक की ओर से कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची जारी की।