उत्तराखंड में 15 से 18 साल तक के किशोरों का आज से कोविड टीकाकरण शुरू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के रेसकोर्स स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज बन्नू स्कूल से प्रदेश में किशोरों के कोरोना टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया।
प्रदेश के इंटरमीडिएट स्कूलों के अलावा पहले से चल रहे टीकाकरण बूथों पर भी किशोरों को वैक्सीन की डोज लगाई जा रही है। केंद्र सरकार ने उत्तराखंड में 6.28 लाख किशोरों को कोविड वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा है। किशोरों को कोवाक्सिन वैक्सीन ही लगाई जा रही है। प्रदेश के पास वर्तमान में किशोरों की संख्या के हिसाब से पर्याप्त कोवाक्सिन टीके उपलब्ध हैं।
राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. कुलदीप मर्तोलिया ने बताया कि 15 से 18 साल तक के किशोरों का टीकाकरण करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इंटरमीडिएट स्कूलों में किशोरों का टीकाकरण जाएगा। केंद्र सरकार ने 6.28 लाख किशोरों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा है।