देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या एक दिवसीय श्रीनगर गढ़वाल के दौरे पर है। उन्होंने समारोह स्थल हेलीपैड पर पहुंच बाइक रैली में हिस्सा लिया। रैली का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद रामलीला मैदान में सभा को संबोधित करते हुए युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्य्क्ष तेजस्वी सूर्या ने कहा कि भाजपा परिवार वालों की नहीं, बल्कि कार्यकर्त्ताओं की पार्टी है। इसलिए भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भी है। उत्तराखंड के संदर्भ में तेजस्वी ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथऔर पूर्व केंद्रीय परिवहन मंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी का भी उल्लेख किया। दौरे के पहले दिन तेजस्वी ने न सिर्फ मोर्चा के जिलों के अध्यक्ष, महामंत्री, सभी मंडलों के अध्यक्ष और इंटरनेट मीडिया प्रभारियों की बैठक ली। तेजस्वी सूर्या ने कहा कि अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव में अबकी बार 60 पार का नारा साकार कर प्रदेश में युवा सरकार बनानी है।