सितारगंज कोतवाली क्षेत्र के सिडकुल रोड पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों के शवों को सरकारी अस्पताल लाया गया। जहां पुलिस को एक शव की शिनाख्त होने पर परिजनों को सूचना दी गयी है। जबकि दूसरे शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। अज्ञात बॉडी को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर शाम नानकमत्ता के ग्राम कनपुरा मटिहा निवासी 25 वर्षीय अशोक राणा पुत्र सहदेव राणा बाइक से अपने दोस्त के साथ वापस सितारगंज आ रहा था। तभी वे सिडकुल रोड के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने अशोक राणा व उसके साथी बाइक सवार अज्ञात युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं अशोक राणा की मौत की सूचना मिलते ही परिजन सरकारी अस्पताल पहुंचे।